हेमा मालिनी ने किए रामलला के दर्शन

अयोध्या में रामलला के विराजमान होते ही यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा है। श्रीराम के दर्शन के लिए जहां देश के कोने-कोने से लोग आ रहे हैं, तो वहीं खास चेहरों का भी आना लगा हुआ है। शुक्रवार को प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री व मथुरा से लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी एक बार फिर अयोध्या धाम पहुंची।

हेमा मालिनी अयोध्या दूसरी बार पहुंची। यहां पहुंचने के साथ ही उन्होंने श्रीरामजन्मभूमि मंदिर जाकर रामलला के दर्शन किए। वह यहां रामलला की सेवा में चल रही राग सेवा में अपनी प्रस्तुति देने के लिए आई हैं। सिने अभिनेत्री के साथ ही वह भरतनाट्यम की भी सिद्धहस्त नृत्यांगना है।

राम मंदिर से बदली क्षेत्र की आर्थिकी
हेमा मालिनी ने रामलला के दर्शन करने के बाद अपने उद्गार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भगवान के दर्शन से अभिभूत हूं। बहुत ही अच्छा दर्शन मिला। राम मंदिर से से लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी बदल गई है। हेमा मालिनी ने मथुरा के प्रश्न पर कहा कि हमारे कृष्ण लला भी किसी से कम नहीं हैं।

खास पास होंगे जारी
अब राम मंदिर आकर रामलला के दर्शन करने वालों के लिए नई व्यवस्था की गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत विशिष्ट व सुगम दर्शन पास भी जारी किए जाएंगे। ये पास निर्धारित स्लॉट के अनुरूप ही जारी किए जाएंगे। सुगम दर्शन के लिए 300 पास प्रत्येक स्लॉट में जारी होंगे। इसमें 150 आनलाइन व 150 श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अनुशंसा पर बनेंगे। पूर्वाह्न 11 से दोपहर एक बजे तक की समयावधि के लिए दर्शन पास नहीं जारी किए जाएंगे।

Back to top button