पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- गौरव यात्रा पथराव मामले में CM राजे का नाम लेना गलत

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जोधपुर संभाग में गौरव यात्रा के दौरान पथराव की घटना में उनका नाम उछालने की निंदा करते हुए कहा है कि कांग्रेस किसी तरह की हिंसा के पक्ष में नहीं हैं। 

गहलोत आज जोधपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं हैं और इस मामले में उनका नाम लेकर बातें करना गलत हैं। उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश में मुख्यमंत्री थे तब राजे ने दो बार यात्राएं निकाली और उस दौरान उनकी पूरी सुरक्षा की गई थी। ऐसे में उन पर इस तरह के आरोप लगाना सरासर गलत हैं। 

उन्होंने कहा कि जोधपुर जिले के पीपाड़ में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नाराज थे और वे पहले इसे लेकर भूखहड़ताल भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नाराज लोग अपनी मांग को लेकर काले झंडे दिखाये तो मुख्यमंत्री को बर्दाश्त नहीं हो रहा है जबकि यह तो लोकतंत्र का हिस्सा हैं। 

उन्होंने फिर दोहराते हुए कहा कि श्रीमती राजे की यह गौरव यात्रा नहीं बल्कि उनकी यह विदाई यात्रा साबित होगी। उन्होंने केन्द्र सरकार पर राफेल सौदे मामले में कोई जवाब नहीं देने का आरोप भी लगाया। 

उल्लेखनीय है कि पीपाड़ में मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान पथराव की घटना पर राज्य के पंचायत राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कांग्रेस पर ओछे हथकंडे अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस परदे के पीछे गौरव यात्रा को बाधित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के समय पूर्व मुख्यमंत्री के जिन्दाबाद के नारे लगाए गये, इससे साफ प्रतीत होता है कि यह काम कौन करवा रहा हैं। एजेंसी 

Back to top button