
राजस्थान कांग्रेस में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच पार्टी को रविवार को एक ओर बड़ा झटका लगा है। पार्टी के सबसे वरिष्ठ विधायकों में शुमार सरदारशहर से कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा का रविवार सुबह उपचार के दौरान निधन हो गया। भंवर लाल शर्मा लंबे समय से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे जिनका उपचार एसएमएस अस्पताल में चल रहा था
सुबह 7:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। भंवर लाल शर्मा के निधन से कांग्रेस के साथ-साथ पूरे शेखावाटी अंचल में शोक की लहर है। भंवर लाल शर्मा को कांग्रेस पार्टी के बड़े ब्राह्मण चेहरों में शुमार किया जाता था। वरिष्ठ विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी शोक व्यक्त करते हुए राजस्थान की राजनीति में इसे बड़ी क्षति बताया है
सरदार शहर में होगा अंतिम संस्कार इधर
कांग्रेस के दिग्गज विधायक रहे भंवरलाल शर्मा का अंतिम संस्कार सरदार शहर में ही किया जाएगा। उनके पुत्र अनिल शर्मा ने बताया कि अंतिम दर्शनों के लिए उनके वैशाली नगर स्थित आवास पर उनका पार्थिव देह रखा जाएगा जहां पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ उनके समर्थक भी उन्हें श्रद्धांजलि करेंगे। उसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सरदार शहर ले जाया जाएगा जहां पर उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके अंतिम संस्कार में गहलोत सरकार के कई मंत्री विधायक भी मौजूद रहेंगे।