CM राजे की गौरव यात्रा में पत्थर फेंकने वाले अशोक गहलोत के ही आदमी : परनामी

जोधपुर: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की यात्रा के दौरान जोधपुर संभाग में हुई पत्थरबाजी और हंगामें की घटना पर सियासत जारी है. संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के बाद मंगलवार को बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने मीडिया से रूबरू होते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत के इशारे पर यह घटनाक्रम करवाने का आरोप लगाया.

प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से रूबरू हुए अशोक परनामी ने अपने आरोप की सच्चाई के पक्ष में एक वीडियो फुटेज भी मीडिया को दिखाया, जिसमें सीएम की सभा में लोग हंगामा कर रहे थे और इनमें अशोक गहलोत जिन्दाबाद के नारे लगाए जा रहे थे. इसी वीडियो में पत्थर फेकने की ऑडियो भी सुनाई गई.  

परनामी ने यह वीडियो मीडिया के सामने रखने के साथ ही गहलोत के उस बयान पर सवाल खड़ा किया जिसमें गहलोत ने पत्थर फेकने वाले कांग्रेसी नहीं होने की बात कही थी. परनामी ने कहा कि जब सभा में पत्थर फेकने वाले गहलोत जिन्दाबाद के नारे लगा रहे हैं तो वो कांग्रेस के ही लोग होंगे कोई और नहीं. 

मीडिया से रूबरू हुए पूर्व बीजेपीप्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सभा में हुए हंगामे और पत्थरबाजी की घटना के गवाह रहे. परनामी उस दौरान सभा स्थल पर सीएम राजे के साथ ही मौजूद थे. अशोक परनामी ने बताया कि एक पत्थर उनके और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेहद नजदीक से तेजी से निकला जिससे सीएम बाल बाल बचीं. उनके अनुसार यदि यह पत्थर सीएम वसुंधरा राजे को लगता तो वो गंभीर रूप से घायल हो सकती थीं.

Back to top button