गोवा देश का इकलौता राज्य जहां घट गई मतदाताओं की संख्या

गोवा में चुनाव आयोग द्वारा शनिवार को जारी की गई अंतिम मतदाता सूची ने एक अहम और असामान्य रुझान को सामने रखा है। लगभग चार महीने तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची की तुलना में अंतिम सूची में 2.5% और पुनरीक्षण से पहले की सूची की तुलना में 10.8% मतदाताओं की कमी आई है।

देश में अब तक जिन नौ अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में SIR पूरा हुआ है, वहां ड्राफ्ट से अंतिम सूची के बीच मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, जबकि गोवा इकलौता राज्य है जहां इसमें गिरावट दर्ज हुई।

क्या कहते है आंकड़े?

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन शुरू होने से पहले, 27 अक्टूबर को गोवा में कुल 11,85,034 मतदाता पंजीकृत थे। गणना चरण के बाद 16 दिसंबर को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 10,84,992 रह गई, यानी 8.4% की कमी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या और घटकर 10,57,666 हो गई।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ड्राफ्ट सूची में शामिल 10,84,992 मतदाताओं में से केवल 9,02,589 नाम पिछले SIR रोल से मैप हो पाए, जबकि 1,82,403 मतदाता अनमैप्ड पाए गए।

इसके अलावा, मैप किए गए मतदाताओं में भी 58,923 मामलों में तार्किक विसंगतियां पाई गईं, जिनमें पिता के नाम में अंतर, माता-पिता या दादा-दादी के साथ आयु का असामान्य अंतर और छह से अधिक बच्चों का उल्लेख जैसी त्रुटियां शामिल थीं।

ड्राफ्ट और अंतिम सूची में अंतर

दावों और आपत्तियों की अवधि के दौरान कुल 24,949 आवेदन समावेशन या निवास परिवर्तन के लिए आए। इनमें से 12,166 आवेदनों के आधार पर नाम जोड़े गए, जबकि 3,812 मामलों में नाम काटे गए। कुल मिलाकर ड्राफ्ट और अंतिम सूची के बीच 39,592 नाम हटाए गए और 12,166 जोड़े गए, जिससे 27,426 मतदाताओं का शुद्ध विलोपन हुआ।

चीफ इलेक्शन ऑफिसर संजय गोयल के अनुसार, SIR की शुरुआत में मौजूद सूची की तुलना में कुल 1,27,468 मतदाताओं के नाम हटे हैं, जो कुल मतदाता सूची का लगभग 10.75% है। इनमें 428 ऐसे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने पुर्तगाली पासपोर्ट हासिल कर लिया था, लेकिन उनके नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज थे।

कहां घटे सबसे अधिक वोटर?

क्षेत्रवार देखें तो वास्को द गामा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 11,657 नाम कटे हैं। इसके बाद कॉर्टालिम में 9,389 और डाबोलिम में 5,489 मतदाताओं के नाम हटाए गए। उत्तरी गोवा में तालेइगाओ में 4,947 और पणजी में 4,274 नामों का विलोपन हुआ।

अंतिम सूची में 5,11,436 पुरुष, 5,46,121 महिलाएं और नौ तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। 18–19 आयु वर्ग के नए मतदाताओं का प्रतिशत ड्राफ्ट सूची के 0.5% से बढ़कर अंतिम सूची में 0.89% हो गया है। आयोग ने बताया कि जिन नागरिकों को अंतिम सूची पर आपत्ति है, वे नियमानुसार अपील या नया फॉर्म दाखिल कर सकते हैं।

Back to top button