सऊदी अरब ने अपने दूतावास में पत्रकार की हत्या के आरोपों को बताया ‘निराधार’
इस्तांबुल: सऊदी अरब के इस्तांबुल स्थित वाणिज्यिक दूतावास के एक अधिकारी ने ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ में काम करने वाले सऊदी अरब के पत्रकार जमाल खाशोगी की दूतावास में हत्या किए जाने सम्बन्धी रिपोर्ट को नकारते हुए कहा कि ये रिपोर्ट किसी तुर्की जांच अधिकारी की ओर से न होकर मनगढ़ंत है.
मंगेतर ने कहा दूतावास से बाहर नहीं निकले खाशोगी
सऊदी पत्रकार मंगलवार को अपनी शादी के लिए जरूरी कागजात लेने दूतावास गए थे. बाहर इन्तजार कर रही उनकी मंगेतर का कहना है कि वो दूतावास से बाहर ही नहीं आए. दूतावास में खशोगी की मौजूदगी की बात नकारते हुए पुष्टि के लिए सऊदी अरब के कौंसल जनरल मोहम्मद अल-ओतैबी ने शनिवार को पत्रकारों को दूतावास की 6 मंजिला इमारत का दौरा भी कराया.
गौरतलब है कि पूरे मामले पर सऊदी अरब की भूमिका पर सवालिया निशान लग रहे हैं और सऊदी सरकार की तीव्र आलोचना हो रही है. कमिटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट ने पूरे मामले पर सऊदी अरब से तत्काल जवाब मांगते हुए निष्पक्ष जांच के लिए कहा है.





