हिल्टन गोलीकांड के बाद खुलेआम नहीं घूम सकेंगे ट्रंप

वॉशिंगटन के एक होटल में शनिवार रात व्हाइट हाउस करेस्पोंडेंट डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स इस सप्ताह कानून-प्रवर्तन एजेंसियों और होमलैंड सिक्योरिटी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकाल की पड़ताल करेंगी। इसी बीच, मामले के संदिग्ध कोल टामस एलेन को सोमवार को वॉशिंगटन की संघीय अदालत में पेश किया गया। उस पर राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे चलेंगे।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
बता दें कि यह घटना पिछले दो साल में ट्रंप की सुरक्षा में तीसरी बड़ी चूक मानी जा रही है। ऐसे समय में जब ट्रंप के सामने गर्मियों में कई बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम हैं, यह मामला सुरक्षा एजेंसियों, खासकर सीक्रेट सर्विस, के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरा है।
रायटर के अनुसार, व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, बैठक में बड़े आयोजनों के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा इंतजामों और प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा होगी। हालांकि, गोलीबारी की घटना के बावजूद ट्रंप और व्हाइट हाउस ने सीक्रेट सर्विस के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
ट्रंप की बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में ट्रंप के सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा और कड़ी की जा सकती है। उनके भाषण स्थलों पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाने और प्रवेश बिंदुओं पर और सख्त जांच जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि, इससे कार्यक्रमों में आने वालों को लंबी कतारों और ज्यादा इंतजार का सामना करना पड़ सकता है।
नीले जंपसूट में कोर्ट लाया गया हमलावर
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, गोलीबारी के संदिग्ध एलेन को नीले जंपसूट में अदालत में पेश किया गया। जज ने बताया कि उस पर राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास, अवैध हथियार के इस्तेमाल और एक सीक्रेट सर्विस एजेंट पर जानलेवा हमले जैसे आरोप लगाए गए हैं।
एलेन ने आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन इतना कहा कि वह सभी सवालों का ईमानदारी से जवाब देगा। उसने यह भी बताया कि उसके पास कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की डिग्री है।
जांच में यह भी सामने आया है कि एलेन ने कैलिफोर्निया से शिकागो होते हुए वा¨शगटन तक ट्रेन से सफर किया। उसने कार्यक्रम से एक दिन पहले उसी वा¨शगटन हिल्टन होटल में कमरा लिया और मौके का इंतजार करता रहा। रिकार्ड के मुताबिक, वह एक शिक्षित ट्यूटर और शौकिया वीडियो गेम डेवलपर रहा है।
ट्रंप बोले- मैं न दुष्कर्मी, न बाल यौन शोषक
एएनआई के अनुसार, संदिग्ध हमलावर एलेन के मेनिफेस्टो पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया में कहा कि वह दुष्कर्मी नहीं हैं। न ही उन्होंने किसी बच्चे का यौन शोषण किया है। सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने मेनिफेस्टो से जुड़े एक सवाल पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि मुझे पता था कि मीडिया मुझसे ये सवाल जरूर पूछेगा। इसलिए मैं भी जवाब देने को तैयार था। मुझे इस चीज से जोड़ा गया है, जिसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है।
पहले से सख्त सुरक्षा, फिर भी चूक
एपी के अनुसार, जिस वॉशिंगटन हिल्टन होटल में यह कार्यक्रम आयोजित था, वहां पहले से ही सीक्रेट सर्विस के निर्देशों के तहत कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू थे। होटल प्रबंधन के अनुसार, सुरक्षा की जिम्मेदारी सीक्रेट सर्विस के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर निभाई जा रही थी। इसके बावजूद हमलावर सुरक्षा घेरे को भेदते हुए भीतर तक पहुंच गया और गोलीबारी कर दी।





