पटना।राष्ट्रीय जनता दल (RJD) 21 साल की हो गई है। लालू यादव स्थापना दिवस मनाने वीर चंद्र पटेल पथ स्थित पार्टी ऑफिस पहुंचे।
स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी ऑफिस को बैनरों और पोस्टरों से सजाया गया है। मुख्य गेट से लेकर आसपास के सड़क तक, सभी ओर लालू यादव और लालटेन की फोटो वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
इस मौके पर लालू के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, पार्टी के मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। स्थापना दिवस मनाने के बाद दोपहर तीन बजे लालू 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर बैठक करेंगे। इस बैठक में 27 अगस्त को होने वाली बीजेपी हटाओ रैली को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
अपने रास्ते से भटक गई है पार्टी
बीजेपी के सांसद और केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि आरजेडी अपने रास्ते से भटक गई है। 21 साल पहले पार्टी की स्थापना गरीबों, पिछड़ों और कमजोर तबके के लोगों को न्याय दिलाने के लिए हुई थी। आज पार्टी पर परिवारवाद हावी हो गया है।