मां बनी 13 साल की रेप पीड़िता, नहीं हो सका गर्भपात!

दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने 13 साल की रेप पीड़िता को 31 सप्ताह का गर्भ गिराने की मंजूरी दी थी, अब उस बच्ची ने लड़के को जन्म दिया है। नाबालिग का जेजे अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन किया गया है। पैदा हुए बच्चे का वजन 1.8 किलोग्राम है, उसे एनआईसीयू में रखा गया है।
खतरनाक ब्लू व्हेल गेम के चक्कर में आए राजस्थान और ओडिशा के छात्रों को बचाया गया

अस्पताल ने बताया, ‘बच्चा ठीक है और अभी उसे निगरानी में रखा जाएगा।’ नाबालिग अस्पताल में एक सप्ताह तक रहेगी। डॉक्टर जब गर्भपात की कोशिश कर रहे थे तो पाया कि यह नाबालिग के लिए खतरा हो सकता है। ऐसे में उन्होंने सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चा पैदा करने का फैसला किया।
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को नाबालिग की मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य को खतरा को देखते हुए गर्भपात की मंजूरी दी थी। यह फैसला मेडिकल बोर्ड की उस रिपोर्ट के आधार पर दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि इस स्तर पर बच्चे को पैदा करना मां के लिए खतरा हो सकता है। ऐसा पहली बार देखने को मिला है कि कोर्ट ने 31 सप्ताह के गर्भ को गिराने का फैसला दिया है।
नाबालिग के साथ उसके पिता के बिजनस पार्टनर ने कथित तौर पर सात महीने पहले रेप किया था। इस साल अगस्त महीने में जब नाबालिग के परिजन उसे डॉक्टर के पास चेक कराने ले गए कि कहीं अचानक मोटापा थाइराइड की वजह से तो नहीं आया। जब डॉक्टर ने जांच की तो पता चला कि वह 27 सप्ताह की गर्भवती है। पुलिस का कहना है कि तब तक नाबालिग लड़की ने अपने यौन शोषण के बारे में घरवालों को नहीं बताया था।





