सेना के टेंडर घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सेना के टेंडरों में कथित रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी कमान, फोर्ट विलियम, कोलकाता में तैनात सेना आयुध कोर के कर्नल हिमांशु बाली को गिरफ्तार कर लिया है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, कर्नल बाली पर 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। एफआईआर में दावा किया गया है कि उन्होंने कानपुर स्थित एक निजी कंपनी को अनुचित लाभ देते हुए टेंडर दिलवाए और इसके बदले रिश्वत स्वीकार की।
मामला क्या है?
सीबीआई के अनुसार, यह पूरा मामला भारतीय सेना के विभिन्न टेंडर प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।
आरोप है कि कर्नल हिमांशु बाली ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक कंपनी को फेवर किया और बदले में रिश्वत ली। सीबीआई ने इस मामले में छापेमारी और जांच के बाद गिरफ्तारी की है।
अभी तक सीबीआई ने इस मामले में और अधिक अधिकारियों या निजी कंपनियों के संलिप्त होने की जांच जारी रखी है।
सेना में भ्रष्टाचार पर सख्तीयह गिरफ्तारी भारतीय सेना में टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है।
सीनियर अधिकारी की गिरफ्तारी काफी गंभीर मामला
सेना के उच्च अधिकारी आमतौर पर संवेदनशील पोस्टिंग पर तैनात रहते हैं, ऐसे में किसी सीनियर अधिकारी की गिरफ्तारी को काफी गंभीर माना जा रहा है।
कर्नल बाली से पूछताछ शुरू
सीबीआई ने कर्नल बाली को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। उम्मीद है कि आगे की पूछताछ में इस घोटाले के और राज खुल सकते हैं।





