सीएचसी पर शराब पीते पकड़े गए स्वास्थ्य कर्मी

दरियाबाद। दरियाबाद सीएचसी में सोमवार रात स्वास्थ्य कर्मियों ने मीट पकाया और इमरजेंसी कक्ष में ही दो डॉक्टरों के साथ जाम छलकाने लगे। तभी कुछ भाजपाइयों के साथ एक मरीज सीएचसी पहुंचा जिसे वार्ड बॉय ने गलत जगह पर इंजेक्शन लगा दिया। इस पर भाजपाई डॉक्टर की तलाश में इमरजेंसी कक्ष में पहुंचे तो वहां डॉक्टरों व कर्मचारियों के जाम छलकाने का खुलासा हुआ। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ। जिसका एक भाजपाई ने मोबाइल फोन से वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल होने के बावजूद मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सीएचसी पर शराब पीते पकड़े गए स्वास्थ्य कर्मी
कस्बा निवासी अश्वनी की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर नगर के कई भाजपा कार्यकर्ता उसे लेकर सीएचसी मथुरा नगर पहुंचे। वहां डॉक्टर नदारद थे। जबकि एक महिला मरीज दर्द से तड़प रही थी। तभी वार्ड बॉय ने अश्वनी का मर्ज पूछा और तुरंत एक इंजेक्शन लगा दिया। वार्ड बॉय इस कदर नशे में था कि उसने गलत जगह इंजेक्शन लगा दिया। इससे अश्वनी के ब्लीडिंग होने लगी।
इस पर कुछ भाजपाई डॉक्टर को तलाश करते हुए इमरजेंसी कक्ष में पहुंचे तो वहां मौजूद डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारी मुंह छिपाते हुए इधर-उधर भागने लगे। इस पर एक कार्यकर्ता ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इमरजेंसी कक्ष में मीट व शराब से भरे ग्लास, खाली बोतलें, कोल्डड्रिंक आदि रखा था। इसी कमरे में छोटे गैस सिलेंडर पर मीट पकाया गया था।
इस पर भाजपाइयों ने सीएचसी में हंगामा शुरू कर दिया। किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने पर ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। गौरतलब हो कि सोमवार को सीएचसी में इमरजेंसी ड्यूटी पर डॉ. अमित मिश्र, एमओ विनोद कुमार, वार्ड बॉय प्रेम कुमार वर्मा, फार्मासिस्ट अपूर्व चतुर्वेदी थे। प्रत्यक्षदर्शी उमेश जैन के मुताबिक कक्ष में बैठे ये सभी लोग मीट खाने के साथ ही शराब पी रहे थे।
भाजपाइयों ने विधायक सतीश शर्मा को जानकारी दी तो उन्होंने डीएम से कार्रवाई करने को कहा। मगर मंगलवार देर शाम तक किसी पर भी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय मिश्र ने मीट व शराब को अज्ञात लोगों द्वारा सीएचसी लाकर फोटो खींचकर वायरल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि, जब मैं हंगामा सुनकर सीएचसी पहुंचा तो वहां पर ऐसा कुछ भी नहीं मिला और न ही किसी ने शिकायत की है।
 
 
Back to top button