शिक्षक करता था छात्रा के साथ अश्लील हरकत, भेजा गया जेल

कोरिया जिले के झगड़ाखाण्ड थाना क्षेत्र में पराडोल गांव के एक शिक्षक को पुलिस ने छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है . शिक्षक की करतूत तब सामने आई जब उस छात्रा ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया. परिजनों के बार-बार पूछने पर उसने रोते हुए स्कूल ना जाने की वजह बताई तो सब हैरान रह गए.
बाद में उस छात्रा ने खुद थाना पहुंचकर रिपोर्ट लिखवाई. उसकी रिर्पोट पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक संजय श्रीवास्तव के खिलाफ बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.बाद में उसे विशेष सत्र न्यायधीश बैकुंठपुर के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
छात्रा ने बताया कि पिछले वर्ष जब वह सातवीं में पढ़ती थी तभी वह शिक्षक ब्रेक के दौरान अपनी कक्षा में अकेले बुलाकर मेरे साथ उल्टी सीधी बातें करके मेरा हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करते थे.
छात्रा के अनुसार, ”सर मुझसे बोलते थे कि तुम मेरी बात मानोगी तो मैं तुमको पास कर दुंगा और तुम्हारे भाई की भी नौकरी में लगवा दूंगा. मैं अगर उनको छेड़खानी करने से मना करती थी तो बोलते थे अगर तुम मेरी बात नहीं मानोगी और इसके बारे में किसी को भी बताओगी तो मैं तुमको बहुत मारूंगा. इस कारण मैनें ये बात किसी को भी नहीं बताई”.
उसने कहा, ”लगभग 15 दिन पहले जब मैं फिर स्कूल गई थी तो फिर मुझे अकेले में बुलाकर सर मेरे साथ गंदी -गंदी बातें करने लगे. मैं रोज की छेड़खानी से परेशान होकर स्कूल जाना बंद कर दी. कल जब मेरी मां और दादी ने मुझ पर स्कूल जाने के लिए दबाव दिया तो मैनें उन्हें सर की बात बताई”.
बाद में वह अपनी दादी के साथ घटना की रिर्पोट कराने झगराखांड थाना पहुंची.





