शिकागो में भारतीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत

अमेरिका के शिकागो के पास इंटरस्टेट 65 पर सड़क दुर्घटना में 25 साल की एक भारतीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, छात्रा की पहचान नव्या गडूसू के रूप में हुई है, जिसे रविवार की रात लेक काउंटी कोरोनर के कार्यालय ने मृत घोषित कर दिया।
राज्य पुलिस के अनुसार, एक दूसरी कार का चालक गाड़ी को बाईं ओर मोड़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान कार मिनीवैन से टकरा गई। जिससे मिनीवैन सड़क से उतरकर एक खाई में जा गिरी। अधिकारियों ने बताया कि जिस वाहन में तकनीकी खराबी थी और जिसके पीछे मिनीवैन चल रही थी, उसे कोई टक्कर नहीं लगी।
आम की पेटियों पर बैठे थे 5 लोग
आगे की जानकारी से पता चला कि मिनीवैन में केवल आगे की दो सीटें थीं। राज्य पुलिस ने बताया कि बाकी पांच यात्री बिना सीट बेल्ट के आम की पेटियो पर बैठे थे। शिकागो में मौजूद भारतीय दूतावास ने घटना को लेकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह मृतक के परिवार के संपर्क में है।
दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, “शिकागो के पास एक सड़क दुर्घटना में भारतीय छात्रा नव्या गडूसू के दुखद निधन से हम बहुत दुखी हैं। इस कठिन समय में उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं।” दूतावास ने आगे कहा कि वह मृतक के परिवार के साथ-साथ उन दोस्तों और समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है जो दुर्घटना में घायल हुए लोगों की मदद कर रहे हैं।





