शादी का झांसा दे 6 शहरों की महिलाओं को लपेटा, फिर क्या हुआ

महाराष्‍ट्र के कोल्‍हापुर की एक महिला को शादी का झांसा देकर उससे नौ लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने 50 साल के एक शख्‍स को अरेस्‍ट किया है। यह शख्‍स शादी करने की बात कह पहले भी कई महिलाओं को चूना लगा चुका है।

शादी का झांसाशादी का झांसा दे महिलाओं को लगाता था चूना

कोल्‍हापुर पुलिस ने बताया कि मनोहर विनायक नांगरे ने अपना गुनाह कबूल किया है। उसने बताया है कि इससे पहले वह मुंबई, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद और अहमदनगर शहरों की महिलाओं को भी शादी के नाम पर ठग चुका है। वह हर बार नाम बदलकर इस काम को अंजाम देता था।

पुलिस ने बताया कि नांगरे ने दिसंबर 2015 में कोल्‍हापुर के एक अखबार में शादी संबंधी विज्ञापन दिया था। इसी विज्ञापन को देखकर पीड़‍ित महिला ने उससे संपर्क किया था। जब दोनों के बीच जान-पहचान हो गई तब वे महिला के घर पर साथ रहने लगे। इस दौरान नांगरे ने महिला से शादी का वादा किया और कहा कि ठाणे में एक पेट्रोल पंप शुरू करने के लिए उसे 12 लाख रुपयों की जरूरत है। महिला ने उसे किश्‍तों में नौ लाख रुपये दिए थे।

20 जुलाई को अंतिम किश्‍त मिलने के बाद नांगरे कोल्‍हापुर छोड़कर भाग गया। महिला ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन संपर्क नहीं हो सका। जब महिला को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसी के बाद नांगरे को अरेस्‍ट किया गया।

Back to top button