रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में यूक्रेन के गैस संयंत्रों पर पांच लोगों की मौत

रूस द्वारा यूक्रेन के गैस उत्पादन संयंत्रों पर मंगलवार को मिसाइल और ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन की सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्टोगाज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सर्गेई कोरेत्स्की ने बताया कि रूस की सेना ने पोल्टावा और खार्किव क्षेत्रों में स्थित गैस उत्पादन संयंत्रों पर हमला किया।

उन्होंने कहा कि इन हमलों में तीन कर्मचारी और दो आपातकालीन सेवा कर्मी मारे गए, जबकि 37 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमलों की निंदा की है।

दो दिन के लिए सीजफायर की हुई थी घोषणा

जेलेंस्की ने कहा कि प्रचार के उद्देश्य से युद्धविराम की मांग करना और इसके बाद मिसाइल और ड्रोन हमले करना घोर निंदनीय है। इससे एक दिन पहले पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के लिए आठ से नौ मई तक दो दिवसीय युद्धविराम की घोषणा की थी।

लंबे सीजफायर की जरूरत- जेलेंस्की

जेलेंस्की ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पांच-छह मई की रात को युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा, हालांकि उन्होंने कोई समयसीमा तय नहीं की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को दीर्घकालिक युद्धविराम की आवश्यकता है।

इस बीच, यूक्रेन ने रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक पर हमला किया। हमले के कारण किरीशी शहर के एक औद्योगिक क्षेत्र में आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं, रुस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने सोमवार की रात विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 300 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।

Back to top button