राजस्थान में अलवर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला आया सामने…

राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदा मेव थाना इलाके में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। मामला करीब 11 दिन पुराना बताया जा रहा है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक देशमुख परिश अनिल के निर्देशन में पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि किशोरी की रविवार को सोनोग्राफी कराई गई है।
पड़ोसी ने वीडियो बनाया और फोटो खींची
बड़ौदा मेव थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात 17 जुलाई को हुई थी। यहां एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी को दोपहर में करीब 12 बजे उसके पड़ोस की रहने वाले जैकम की पत्नी रौनक अपने घर बुलाकर ले गई थी। वहां रौनक ने अपने घर में किशोरी को पहले से सीढ़ियों में बैठे अपने परिचित राहुल के सुपुर्द कर दिया। उसके बाद राहुल ने कथित रूप से किशोरी से दुष्कर्म किया। इस दौरान जैकम पहले से छत पर मौजूद था। उसने इस दौरान मोबाइल से किशोरी की अश्लील फोटो खींच ली और वीडियो बना लिया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, किशोरी से दुष्कर्म करने के बाद राहुल चला गया। उसके बाद जैकम ने आकर किशोरी को धमकाया और अश्लील फोटो दिखाकर उससे दुष्कर्म किया। जैकम की पत्नी रौनक ने भी आरोपितों का पूरा साथ दिया। रौनक ने किशोरी को धमकी देते हुए कहा कि घटना के बारे किसी से कुछ मत बताना नहीं तो उसके अश्लील फोटो वॉट्सएप पर वायरल कर बदनाम कर दिया जाएगा। इससे किशोरी डर गई और चुप हो गई। उसके चार-पांच दिन बाद पीड़िता को रास्ते में घंटोली उर्फ इमरान खान मिला। उसने भी पीड़िता को अकेले में आकर मिलने के लिए धमकाया। इमरान ने पीड़िता से कहा कि जैकम द्वारा खींचे गए अश्लील फोटो उसके पास हैं। अगर वह नहीं आई तो उन्हें वायरल कर देगा, लेकिन जब पीड़िता ने इमरान से मिलने से मना कर दिया तो उसने अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
वायरल फोटो जब सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता के चचेरे भाई के पास पहुंचे तो परिजनों को घटना का पता चला। इस पर उन्होंने पीड़िता से पूछताछ तो उसने पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने शनिवार शाम को थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। बड़ौदा मेव थानाधिकारी दिनेश मीणा ने बताया इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें राहुल और जैकम के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, रौनक के खिलाफ सहयोग करने और इमरान के खिलाफ आईटी एक्ट व ब्लैकमेल करने तथा दुष्कर्म की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच लक्ष्मणगढ़ डीएसपी ओमप्रकाश मीणा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले गुजरात की एक गर्भवती महिला से राजस्थान में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। आरोपितों ने दुष्कर्म का वीडियो बना कर गर्भवती महिला के पति को भेज दिया। जोधपुर के महिला थाना पश्चिम में पीड़िता ने अपने पति के साथ पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी गई है। महिला ने विगत दो महीने से घटना के लगातार होने की बात कही है। पीड़ित महिला नौ माह की गर्भवती है। सीआरपीसी की धारा 164 में बयान लेने के बाद जीरो नंबरी इस एफआइआर को गुजरात भेजा गया है।
जोधपुर महिला थाना पश्चिम प्रभारी किरण गोदारा ने बताया कि नागौर जिले में गुजरात की रहने वाली एक 22 साल की महिला की तरफ से पर्चा बयान पर केस को दर्ज किया गया, जिसमे महिला ने कहा है कि पिछले महीने जून में गुजरात के बड़ौदा में उसकी परिचित महिला ने घर पर किसी काम से बुलाया और एक कमरे में बंद कर दिया। उस दौरान हरीराम राव नाम के शख्स ने उससे दुष्कर्म किया। बाद में गोपीराम, गणपत राम व फुसनाथ ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय महिला ने स्वयं को सात आठ माह की गर्भवती होना बताया। रिपोर्ट में महिला ने उसका वीडियो बनाने के बाद लगातार ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोपितों ने उसका वीडियो बनाकर 18 जुलाई को पति को भेज दिया।
इसके बाद पीड़िता और उसके पति को ऊंची पहुंच होने का कहकर धमकाया। इसके बाद डरे सहमे पति ने नागौर में अपने परिचित से बात कर उसे महिला थाना पश्चिम भेजा गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, और जीरो नंबर की एफआइआर काट गुजरात भेजी है। इधर, महिला का मेडिकल भी करवाया गया है और सीआरपीसी की धारा 164 में बयान लिए गए हैं।





