मार्क जुकरबर्ग ने आयरलैंड में खरीदा सदियों 200 साल पुराना आलीशान महल

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनके परिवार ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक प्रॉपर्टी खरीद ली है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने काउंटी वॉटरफोर्ड स्थित करीब 200 साल पुराना स्ट्रैंकली कैसल अपने नाम कर लिया है।

यह तीन मंजिला महल गॉथिक रिवाइवल शैली में बना है और डबलिन से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। इसे 1827 में एक अंग्रेज राजनेता के लिए तैयार किया गया था। पिछले करीब 20 वर्षों में इसके पूर्व मालिकों ने बड़े पैमाने पर मरम्मत और नवीनीकरण कराया है।

यह सौदा ऑफ-मार्केट डील के जरिए एलेन-बकली परिवार से हुआ है। इसी वजह से महल की कीमत की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पूर्व मालिकों में माइकल एलेन-बकली भी शामिल हैं, जो लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक रहे हैं।

जुकरबर्ग के प्रतिनिधि ने कहा कि मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने को लेकर खुश हैं। परिवार आयरलैंड में समय बिताने के लिए भी इस प्रॉपर्टी का इस्तेमाल करेगा।

आयरलैंड में मेटा का बड़ा कारोबार है। कंपनी के यहां करीब 1,500 कर्मचारी काम करते हैं। डबलिन में इसका अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय है, कॉर्क में वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी से जुड़ा बिजनेस चलता है तथा डबलिन के बाहर एक डेटा सेंटर भी है।

अभी तक आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में इस सौदे की खबर जोरों पर है।

Back to top button