बुरहानपुर में बीती रात एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस जवान की मौत…

बुरहानपुर में बीती रात एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस जवान की मौत हो गई। साथी की मौत से गुस्साए जवानों ने डॉक्टरों की पिटाई कर दी। ये पूरा वाकया शहर के ऐपल हॉस्पिटल का है। यहां एक जवान को इलाज के लिए लाया गया था। लेकिन उसकी मौत हो गई। साथी पुलिस जवानों ने इस मौत के लिए डॉक्टरों और अस्पताल के स्टाफ को जिम्मेदार बताया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। जिसके बाद पुलिस जवानों ने डॉक्टरों की पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।

दरअसल जिस जवान की मौत हुई है, वो कोतवाली थाने में तैनात था। गुरुवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी।आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे गुस्साए पुलिसकर्मियों ने डॉक्टरों पर इलाज की लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे एडिशनल एसपी ने स्थिति को संभाला।

इस घटना के बाद शुक्रवार सुबह शहर के डॉक्टर्स ने इकठ्ठा होकर एक रैली निकाली और सुरक्षा की मांग करते हुए कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। वहीं डॉक्टरों ने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

Back to top button