पानी-पानी हुई राजधानी, लोग रहे हलकान

पुरनिया स्थित सीतापुर रोड पर दो-दो फुट के गड्ढ़ों में गिर कर कई हुए चोटिल
सडक़ों और गलियों में घुटनों तक भरा पानी, रूक-रूक कर हो रही है बारिश

s7

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। लगातार हो रही बारिश से राजधानी सराबोर हो गई। आज सुबह हुई झमाझम बारिश से सडक़ों और गलियों में जलभराव हो गया। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। हालांकि बारिश के कारण मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली है।
सुबह जोरदार बारिश हुई। दर्जन इलाकों में जलभराव हो गया। निचले इलाके में पानी लोगों के घरों में घुस गया। गलियों और सडक़ों पर पानी भरने से लोगों को अपने गतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लाप्लास, इंदिरानगर, जानकीपुरम, फैजुल्लागंज, खदरा, पुराना लखनऊ, पारा रोड, मडिय़ांव, पुरनियां, डॉलीगंज, गोमतीनगर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई स्थानों पर सडक़ धंसने की सूचना है। मडिय़ांव स्थित श्रीनगर में बारिश के कारण स्थानीय नाला उफना गया। यहां लोगों के घरों में पानी घुस गया। स्थानीय निवासी शकील ने बताया कि जोरदार बारिश के कारण लोगों के घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया। लोगों को घरों में बाहर निकलने में दिक्कत हुई। पुरनिया ओवर ब्रिज के ठीक बगल में मुख्य सडक़ पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। यहां बारिश के कारण सडक़ में दो-दो फुट के गड्ढे हो जाने से लोगों को यातायात की समस्या से जूझना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले चार दिन से जलभराव की समस्या है। यहां एक दर्जन से अधिक लोग पानी में गिर कर चोटिल हो चुके हैं। सहारागंज स्थित लाप्लास बिल्डिंग परिसर में भी पानी भर गया है। इसके कारण यहां रहने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। लोग निगम के अफसरों को फोन करते रहे लेकिन फोन नहीं उठा। परिसर में घंटों पानी भरा रहा। जलभराव के कारण बिल्डिंग की लिफ्ट को बंद करना पड़ा। बिल्डिंग में रहने वाले पंकज ने बताया कि जलभराव के कारण उनकी बेटी स्कूल नहीं जा सकी, जबकि आज उसकी परीक्षा थी। जलभराव के कारण कई जगह जाम की स्थिति पैदा हो गई।

कई स्कूलों में रही छुट्टी

लखनऊ। सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते राजधानी के कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई जिससे उन अभिभावकों को काफी सहूलियत मिली जो अपने बच्चों को सुबह स्कूल छोडऩे के जाते हैं। लेकिन कई स्कूल संचालकों ने बारिश के बाद भी स्कूल बंद नहीं किए, जिससे बच्चे व अभिभावक बारिश में भीग कर स्कूल जाने के लिए विवश रहे। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल की दो ब्रांच पारा व आलमबाग, गोमतीनगर के केटीडीएस, मार्डन पब्लिक स्कूल समेत अन्य स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर स्कूल पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें स्कूल जाकर पता लगा कि बारिश के चलते आज स्कूल बंद है। बच्चों को लेकर पानी में भीगते हुए अभिभावक घर गए, लेकिन कई अभिभावकों को मोबाइल से मैसेज भेज कर स्कूल ने छुट्टी होने की जानकारी दी। सुबह बारिश में भीगने के कारण कई बच्चों का स्वास्थ्य खराब हो गया है, जिसके बाद उनके परिजनों को बुलाकर घर भेज दिया गया।

हैदर कैनाल नाले में निकला मगरमच्छ, हडक़ंप
लखनऊ। राजधानी के हैदर कैनाल नाले में आज सुबह मगरमच्छ दिखने से हडक़ंप मच गया। मगरमच्छ को देखने के लिए सुबह से ही लोहिया पथ पर लोगों का तांता लगा रहा है। मगरमच्छ की दहशत के कारण नाले के आस-पास रहने वाले लोग डरे सहमे नजर आए। यह कोई पहला मामला नहीं है जब नाले में मगरमच्छ दिखाई दिया हैं। यहां कई बार मगरमच्छ दिख चुका है। इसके बावजूद भी वन विभाग की ओर से मगरमच्छ को पकडऩे का कोई अभियान नहीं चलाया जाता है, जबकि इस स्थान से कुछ दूर पर वन विभाग है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो रहा है।

Back to top button