तीखा और चटपटा खाने का है मन तो आज ही ट्राई करें ‘मैक्सिकन फ्राइड राइस’

अगर आप रोज-रोज सादे चावल या फ्राइड राइस खाकर बोर हो गए हैं, तो आपको मैक्सिकन फ्राइड राइस ट्राई करना चाहिए। ये एक मैक्सिकन डिश है, जैसे इसके नाम से पता लग रहा है और स्वाद में काफी चटपटी होती है। इसलिए अगर आपको तीखा या चटपटा खाना पसंद है, तो इस डिश को जरूर ट्राई कर सकते हैं।
इसमें आप अपनी रसोई में रखे मसाले और सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए ये डिश काफी हेल्दी भी होती है। आइए जानें मैक्सिकन फ्राइड राइस बनाने की रेसिपी।
मेक्सिकन फ्राइड राइस रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
पके हुए चावल- 3 कप
उबला हुआ राजमा- 1/2 कप
उबले हुए स्वीट कॉर्न- 1/2 कप
टमाटर प्यूरी- 1/2 कप
बारीक कटा प्याज- 1 मध्यम
कटी हुई शिमला मिर्च- 1/2 कप
बारीक कटा लहसुन- 1 बड़ा चम्मच
भुना जीरा पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स- 1/2 छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
ओरेगेनो/मैक्सिकन सीजनिंग- 1 छोटा चम्मच
नींबू का रस- 1 बड़ा चम्मच
तेल/मक्खन- 2 बड़े चम्मच
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
मेक्सिकन फ्राइड राइस रेसिपी बनाने की विधि:
सबसे पहले एक पैन या कड़ाही में दो चम्मच तेल या मक्खन गरम करें और इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालें और 30 सेकंड तक मध्यम आंच पर भूनें ताकि उसकी खुशबू आ जाए।
अब इसमें कटा हुआ प्याज डालें और तब तक भूनें जब तक वह हल्का गुलाबी न हो जाए। इसके बाद कटी हुई शिमला मिर्च डालकर 1-2 मिनट के लिए तेज आंच पर चलाएं।
इसके बाद पैन में ताजी टमाटर प्यूरी डालें और साथ ही भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं।
इसे 2-3 मिनट तक पकाएं, ताकि टमाटर का कच्चापन खत्म हो जाए और मसालों से तेल अलग होने लगे।
मसाला पक जाने के बाद इसमें उबले हुए स्वीट कॉर्न और उबला हुआ राजमा डालें और मसालों के साथ इन्हें अच्छे से मिक्स करें और 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
अब पैन में पके हुए ठंडे चावल डालें और ऊपर से ओरेगेनो या मैक्सिकन सीजनिंग छिड़क कर हल्के हाथों से चावल को सब्जियों और मसालों के साथ मिलाएं।
इसे 2 से 3 मिनट तक मध्यम आंच पर टॉस करते हुए पकाएं और फिर गैस बंद कर दें।
चावल ऊपर से ताजा नींबू का रस और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें और सर्व करें।





