जोमैटो के मुस्लिम डिलीवरी बॉय फैयाज ने कहा धार्मिक भेदभाव की घटना से आहत हूं, पर सहना पड़ेगा गरीब हूं

फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के मुस्लिम डिलीवरी बॉय फैयाज ने कहा कि वह धार्मिक भेदभाव की घटना से आहत हुए हैं. दरअसल, मध्य प्रदेश के जबलपुर के निवासी अमित शुक्ला ने अपना ऑर्डर कैंसल कर दिया था क्योंकि उनका राइडर एक गैर-हिंदू था.
अमित शुक्ला ने ट्विटर पर लिखा, जोमैटो पर एक ऑर्डर कैंसल किया, उन्होंने गैर-हिंदू डिलीवरी बॉय भेजा था. उन्होंने मुझसे कहा कि वे डिलीवरी बॉय को नहीं बदल सकते हैं और ना ही रिफंड कर सकते हैं.
इस पूरे मामले के बारे में मुस्लिम डिलीवरी बॉय फैयाज ने कहा कि उन्होंने कस्टमर को उनके घर की लोकेशन जानने के लिए फोन किया था, लेकिन जब कॉल उठी तो शख्स ने उन्हें बताया कि उन्होंने ऑर्डर कैंसल कर दिया है.
जोमैटो डिलीवरी बॉय ने इस पूरे मामले पर दुख जताया. उन्होंने कहा, हां आहत तो हुए हैं. अब क्या बोलेंगे सर, अब लोग जैसा बोलेंगे.. सही है, इस पर क्या कर सकते हैं. गरीब लोग हैं इसलिए सहना पड़ेगा.
लेकिन दूसरी तरफ अमित शुक्ला को अपने बर्ताव पर कोई अफसोस नहीं है. इंडिया टुडे से बातचीत में अमित ने कहा, क्या भारत के विचार में मेरी अभिव्यक्ति की आजादी और धर्म शामिल नहीं है. अभी सावन का पवित्र महीना चल रहा है और यह मेरी निजी पसंद का मामला है.
जोमैटो ने अमित को करारा जवाब देते हुए लिखा था कि खाने का कोई धर्म नहीं होता, खाना खुद एक धर्म है.
इसके अलावा, जोमैटो के फाउंडर दीपेंद्र गोयल ने ट्विटर पर लिखा कि हम भारत के विचार और हमारे ग्राहकों-पार्टनरों की विविधता पर गर्व करते हैं. हमारे इन मूल्यों की वजह से अगर बिजनेस को किसी तरह का नुकसान होता है तो हमें इसके लिए कोई अफसोस नहीं होगा.
जोमैटो के इस जवाब की खूब तारीफ हुई. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, आपको आदर, मुझे आपका ऐप पसंद है. मुझे इस कंपनी की तारीफ करने के लिए एक वजह देने के लिए शुक्रिया. इसके अलावा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने लिखा, ‘अभी तक मैंने कभी खाना ऑर्डर नहीं किया, लेकिन अब मैं जोमैटो से खाना मंगाने की सोच रहा हूं.’





