UP चुनाव : चुनाव जीतने के लिए बीजेपी घर-घर भेज रही है चिट्ठी

पहले चरण के मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही भाजपा के रणनीतिकार चुनावी चौसर पर जीत दिलाने वाली गोटें सजाने में जुट गए हैं। इसमें एक तरफ डैमेज कंट्रोल के प्रबंधन का काम शामिल है तो दूसरी तरफ मतदाताओं के साथ संवाद कायम कर समीकरण साधने की चिंता भी।
पार्टी के प्रत्याशी भले ही एक-एक मतदाता तक न पहुंच पाएं और नेता भी सभी से संपर्क न साध पाएं लेकिन वे पत्र के जरिए प्रदेश के हर घर तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश में जुट गए हैं।
पत्र में प्रदेश सरकार की खामियों का जिक्र किया गया है। साथ ही भ्रष्टाचार, उत्पीड़न तथा किसानों की कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर कराए जाने वाले कामों का सिलसिलेवार जिक्र किया गया है।
हर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी की तरफ से उस क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता को भेजे जा रहे इस पत्र की खासियत यह भी है कि इसमें उस घर के सभी मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र और उसकी संख्या का भी उल्लेख किया गया है।
साथ ही मतदान की तारीख और मतदान केंद्र का भी जिक्र है। परिवार के मुखिया के नाम से लिखे गए इन पत्रों को हर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी बूथ कमेटियों को सौंपी गई है। खत पहुंचाने में कोई चूक न हो, इसके लिए प्रदेश के वॉर रूम से मॉनिटरिंग भी की जा रही है।





