गाजियाबाद के खोड़ा इलाके से युवक को गायब हुये 6 महीने से भी ज्यादा वक्त के बाद भी नहीं मिला सुराग

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके से घर से निकला एक युवक अपनी कार सहित रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. युवक को गायब हुये 6 महीने से भी ज्यादा वक्त बीत चुका है लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. हर बीतते दिन के साथ युवक के परिवार की बैचेनी बढ़ती जा रही है.

लगातार गाजियाबाद पुलिस के आला अधिकारियों सहित, सूबे के मुख्यमंत्री, देश के गृह मंत्री और प्रधानमंत्री तक से उनके लाडले को ढूंढ कर लाने की गुहार परिवार उन्हें पत्र लिखकर लगा चुका है. लापता युवक की कार मेरठ के परतापुर थाने में खड़ी मिली थी और परिवार के अनुसार परतापुर पुलिस ने बीती 15 मार्च को एक हत्या के आरोपी का एनकाउंटर किया था, जिससे लापता युवक की कार मिली है. युवक का अबतक कोई पता नहींं चल पाया. गाजियाबाद पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है.

लापता बेटे की तस्वीर हाथ में लिए उसकी मां के आंसू थमते नहीं हैं. 15 जनवरी को गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रहने वाला 33 वर्षीय युवक कृष्णा शर्मा उर्फ कुलदीप घर से अचानक लापता हो गया. कृष्णा एक फोटोग्राफर था. 15 जनवरी को घर से एक ग्राहक की तस्वीरों को देने के लिए अपने भाई की कार लेकर शाम करीब 5 बजे निकला था. 8 बजे के करीब उसने अपनी पत्नी के फोन करने पर बताया कि वो कुछ ही देर में घर लौट रहा है . जिसके बाद से युवक घर नहींं लौटा और उसका मोबाइल भी उस दिन करीब 10 बजे से स्विच ऑफ हो गया.

परिवार के अनुसार जिसके बाद से आज तक युवक का परिवार लगातार पुलिस के चक्कर काटने के साथ-साथ,  एसएसपी, डीएम से लेकर गृहमंत्री और प्रधानमंत्री तक को पत्र के जरिए युवक को ढूढ़ने की गुहार लगा चुका है. लेकिन युवक का कोई सुराग आज तक भी लगा है.

हालांकि लापता युवक की कार मेरठ के परतापुर इलाके की चौकी में खड़ी होने की बात परिवार को पता चली. वहां से उसे जानकारी दी गई कि मेरठ पुलिस की हत्या के तीन आरोपियों से बीती 15 मार्च को मुठभेड़ हुई थी. जिसमे ललित और दीपक नाम के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था. जबकि बदमाशों का तीसरा साथी असलम फरार हो गया था. जिसने बाद में आगरा में सरेंडर कर दिया.

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाशों ने गाजियाबाद से ही कार को चोरी किया था. जबकि लापता कृष्णा का कोई पता इन बदमाशों से भी पुलिस नहीं पता कर पायी. अब किसी अनहोनी की आशंका में लापता कृष्णा का परिवार खौफजदाऔर डरा हुआ है.

वहीं खोड़ा पुलिस का लापरवाही भरा रवैया भी इस परिवार की परेशानियों में इजाफा कर रहा है. परिवार का आरोप है कि लापता कृष्णा का सुराग लगाने का कोई ठोस प्रयास गाजियाबाद पुलिस ने नहीं किया. परिवार जब भी खोड़ा थाने गायब कृष्णा की जानकारी पता करने के लिए जाता है तो पुलिस कर्मी टालू रवैया दिखाते हुये वापस लौटा देते हैं. जबकि लापता कृष्णा की कार बदमाशों के पास से मेरठ में बरामद हो गई है. जब युवक गायब हुआ तो उसकी पत्नी प्रग्नेंट थी. पति के लापता होने के बाद उसने एक बेटी को जन्म दिया है. जो आज दो माह की है.  पत्नी ने भी योगी जी से गुहार लगाई है कि उसके पति को ढूंढा जाए.

गाजियाबाद आला पुलिस अधिकारियों के अनुसार खोड़ा थाने में युवक की मिसिंग रिपोर्ट दर्ज की गई है. युवक की कार मेरठ में एक एनकाउंटर के दौरान बदमाशों से पुलिस ने बरामद की थी. हालांकि युवक का कोई सुराग बदमाशों से नहीं मिला . पुलिस ने जेल में जाकर भी बदमाशों से पूछताछ की है.

जानकारी मिली कि बदमाशों को कार लावारिस हालत में खड़ी मिली जिसे बदमाश चोरी कर ले गये थे. और जिस लोकेशन से कार चोरी की गई थी वहां के आसपास के इलाके में भी लापता युवक कृष्णा को सर्च किया गया. लेकिन कोई सुराग युवक का पुलिस को नहीं मिला. अब पुलिस जाने के मार्गो और लापता युवक के रिश्तेदारों से पूछताछ के जरिए युवक का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं.

6 महीने का समय बीत चुका है लेकिन दिल्ली से सटे गाजियाबाद की हाइटेक पुलिस भी युवक को ढूढने में नाकाम है. कई सवाल पुलिस की कार्यशैली पर खड़े हो रहे हैं. जबकि युवक की कार मेरठ में मुठभेड़ के दौरान बदमाशों से बरामद हुई थी.

पुलिस को बदमाशों को रिमांड पर गाजियाबाद लाकर बदमाशों के बयान को क्रॉस चेक करना चाहिए था  ताकि बदमाशों के बयान की सच्चाई सामने आ सके.

वहीं आपको बता दें कि युवक की लास्ट लोकेशन इंदिरापुरम में मंगल बाजार चौक के आसपास की आई थी. और पूर्व के बर्षो में यहां कई ऐसी घटनाएं सामने आई थीं कि बदमाशों ने कार सहित लोगो को इस इलाके से अगवा कर लिया था और मेरठ और उसके आसपास के रास्तों पर नशे की हालत में फेंक कर फरार हो गये थे.

बदमाशों से युवक कृषणा की कार मिलने के बाद आशंका यह भी है कि कि ऐसे ही किसी घटना का शिकार तो लापता युवक नहीं हो गया. बरहाल युवक का कोई पता किसी भी तरह पुलिस नहीं लगा पाई है. अब युवक का परिवार उसके मिलने की आस में हर दिन थाने और पुलिस के चक्कर लगाने को मजबूर हैं.

Back to top button