कश्मीर: अनंतनाग में हिंसक झड़पों के बाद तनाव, इंटरनेट सेवाओं पर रोक

दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में तीन आतंकियों के मारे जाने के बाद हिंसा भड़कने की आशंका में प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखा। इसके साथ ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी ठप रहीं। इस बीच जिले के कई इलाकों में हिंसक झड़पें देखने को मिलीं। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों को बल प्रयोग करना पड़ा।

मंगलवार को कई स्थानों पर सुरक्षाबलों के साथ झड़प हुई। युवाओं ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे। काफी देर तक हिंसक झड़पों के जारी रहने से तनाव की स्थिति बनी रही।
ज्ञात हो कि सोमवार की रात पुलिस और सेना ने जिले में बुलबुल नौगाम के करीब ब्रकपोरा-डियालगाम लिंक रोड पर कार में सवार आतंकियों को इंटसेप्ट किया था। इस दौरान मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकियों और एक ओजीडब्ल्यू को ढेर कर दिया गया था।





