ऑस्ट्रेलिया को लगे लगातार दो झटके, जडेजा-अश्विन ने लिए विकेट

नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पुणे में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मेहमान कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया है। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 04 विकेट के नुकसान पर 153 रन बना लिए हैं। मैट रेनशॉ 36 और मिशेल मार्श 02 रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद हैं।

जयंत यादव ने कंगारूओं को दिया दूसरा झटका
उमेश यादव ने अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर डेविड वॉर्नर को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिला दी। वॉर्नर 38 रन बनाकर आउट हुए। उमेश ने 10 पारियों में पांचवीं बार वार्नर को आउट किया। हालांकि, यह टीम का 28वां ओवर था। इशांत शर्मा के साथ आर. अश्विन ने गेंदबाजी की शुरुआत की थी। जयंत यादव ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने शॉन मार्श (16) को कोहली के हाथों कैच आउट करवाया। रवींद्र जडेजा ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को 22 के स्कोर पर आउट किया। इसके तुरंत बाद ही अश्विन ने स्टीव स्मिथ को 27 के स्कोर पर आउट कर दिया।
यह भी पढ़े : ऑस्ट्रेलिया को भी दूसरी विपक्षी टीमों की तरह ही देख रहे हैं: टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली
पुणे में पहला टेस्ट मैच
पुणे के मैदान पर ये पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए तीन स्पिन गेंदबाज़ों को मौका दिया है। आर. अश्विन और रवींद्र जडेजा के साथ-साथ जयंत यादव को भी टीम में शामिल किया गया है। भुवनेश्वर कुमार के स्थान पर जयंत यादव को अंतिम ग्यारह में जगह मिली है।
नंबर एक बनाम नंबर दो की जंग
4 टेस्ट मैचों की सीरीज़ का ये पहला मुकाबला है। इसी के साथ ये भारतीय मैदान भारत का 25वां टेस्ट वेन्यू बन गया। इस टेस्ट सीरीज में सिर्फ कुछ स्टार खिलाड़ियों के बीच जंग नहीं होगी बल्कि टेस्ट रैंकिंग की दो शीर्ष टीमों की जंग भी होगी। एक तरफ है भारतीय टीम जो इस समय आइसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है जबकि दूसरी तरफ है ऑस्ट्रेलियाई टीम जो दूसरे नंबर पर है।
भारत के इस समय 121 रेटिंग अंक हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के 109 रेटिंग प्वॉइंट हैं। ऐसे में अगर नंबर 1 के पायदान के करीब पहुंचना है तो मेहमान टीम को मेजबान विराट सेना का विजयी क्रम तोड़ना होगा, जो किसी भी तरह से आसान नहीं होने वाला है।





