IPL-12: एक बार फिर RCB संकट में, रबाडा के 4 शिकार ने किया ढेर…

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच आईपीएल सीजन-12 का 20वां मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 149 रन बनाए और दिल्ली कैपिटल को जीत के लिए 150 रनों का टारगेट दिया. बेंगलुरु के लिए कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए. उनके अलावा मोईन अली ने 32 रनों की पारी खेली. दिल्ली कैपिटल के लिए कैगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज क्रिस मॉरिस ने उन्हें संदीप लामिछाने के हाथों कैच आउट करा दिया. पार्थिव पटेल 9 रन बनाकर आउट हुए. छठे ओवर में कैगिसो रबाडा ने एबी डिविलियर्स को कोलिन इनग्राम के हाथों कैच आउट करा कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दूसरा झटका दे दिया. एबी डिविलियर्स 17 रन बनाकर आउट हुए.

11वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस को अक्षर पटेल ने पवेलियन का रास्ता दिखाया. अक्षर पटेल ने स्टोइनिस को राहुल तेवतिया के हाथों कैच आउट करा कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को तीसरा झटका दिया. बेंगलुरु को चौथा झटका मोईन अली के रूप में लगा जब उन्हें संदीप लामिछाने की गेंद पर ऋषभ पंत ने स्टंप आउट कर दिया. मोईन अली 32 रन बनाकर आउट हुए. 133 रन के स्कोर पर विराट कोहली के आउट होने के बाद 9 रन के अंदर बेंगलुरु ने तीन विकेट गंवा दिए.

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और रॉयल चैलेंजर्स की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेल रही बेंगलुरु ने इस मैच के लिए अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया. दिल्ली भी बिना किसी बदलाव के इस मुकाबले को खेलने के लिए मैदान पर उतरी.

बेंगलुरु का यह छठा मैच है. उसे अब तक खेले गए सभी मैचो में हार मिली है. दूसरी ओर, दिल्ली की टीम भी छठा मैच खेल रही है. उसे दो मैचों में जीत और तीन में हार मिली है.  आईपीएल का मौजूदा में सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हर दांव उल्टा पड़ा है. टीम को लगातार पांच हार का सामना करना पड़ा है वो भी ऐसी जहां प्रतिस्पर्धा की कमी साफ देखी जा सकती थी. इस बीच बेंगलुरु अपनी किस्मत से भी मात खाए बैठी है. अपने पिछले मैच में शुक्रवार को उसने पहली बार इस सीजन में 200 का आंकड़ा पार किया और पहली जीत की राह पर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन आंद्रे रसेल नाम के तूफान ने उसका यह अरमान भी पूरा नहीं होने दिया.

किस्मत और नाकामी से लड़ रही दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज माने जाने वाले विराट कोहली की यह टीम आज शाम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उतरेगी. बेंगलुरु और दिल्ली लगभग एक जैसी ही स्थिति में हैं. अंतर यह है कि दिल्ली के हिस्से किसी तरह दो जीत आ चुकी है. तो यह शायद बेंगलुरु के लिए इस संस्करण में जीत का खाता खोलने का सबसे सही मौका है. वहीं दिल्ली के लिए भी यह जीत की राह पर लौटने का सुनहरा अवसर है.

यह मैच बेंगलुरु के घर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. इसी मैदान पर बेंगलुरु ने अपना पिछला मैच शुक्रवार को खेला है. कोलकाता के खिलाफ खेले गए इस मैच में कप्तान विराट और एबी डिविलियर्स ने अर्धशतकीय पारियां खेल अपनी टीम को 205 का स्कोर दिया था, लेकिन बेंगलुरु के गेंदबाज इस लक्ष्य को भी बचा नहीं सके और रसेल आखिरी में 13 गेंदों पर नाबाद 48 रनों की पारी खेल कोलकाता को जीत दिला ले गए.

तेजी से वायरल हो रहा है शेन वॉटसन और ड्वेन ब्रावो का यह डांस वीडियो, देखे फुल मस्ती वीडियो…

कोहली को अपनी गेंदबाजी की चिंता ज्यादा होगी जो कोलकाता के खिलाफ कभी भी रन रोकने में सफल नहीं रही. युजवेंद्र चहल और पवन नेगी टीम के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए थे. दोनों ने छह की रन रेट से रन दिए थे और मध्य में मिलकर तीन विकेट लकर कोलकाता को परेशानी में डाला था. इन दोनों के अलावा कोई और गेंदबाज रनों पर अंकुश नहीं लगा पाया था.

कोहली की चिंता अपने गेंदबाजों को लय में लाने की होगी क्योंकि दिल्ली के पास ऋषभ पंत, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ जैसे बल्लेबाज हैं जो तूफान खड़ा कर सकते हैं. कोलकाता के मैच में कोहली की कप्तानी पर भी सवाल उठे थे क्योंकि उनके पास मोइन अली के रूप में एक और विश्व स्तरीय स्पिनर था. ऐसे में जब चहल और नेगी ने रनों पर अंकुश लगाया था तो मोइन भी बेंगलुरु के लिए किफायती साबित हो सकते थे.

दिल्ली भी इस मैच में अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शिकस्त खाकर आ रही है. हैदराबाद के खिलाफ उसके बल्लेबाजों ने निराश किया था. गलत शॉट सेलेक्शन के कारण दिल्ली ने अहम समय पर अहम विकेट गंवाए थे. मैच के बाद टीम के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने भी यह बात मानी थी. इस मैच में पोंटिंग ने जरूर अपने बल्लेबाजों को इस संबंध में हिदायत दी होगी. गेंदबाजी में दिल्ली मजबूत है. उसके पास कैगिसो रबाडा, क्रिस मॉरिस, संदीप लामिछाने जैसे अच्छे गेंदबाज हैं.

प्लेइंग इलेवन:

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर , ऋषभ पंत, राहुल तेवतिया, कॉलिन इनग्राम, क्रिस मॉरिस, अक्षर पटेल, कैगिसो रबाडा, ईशांत शर्मा, संदीप लामिछाने.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: पार्थिव पटेल, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, मार्कस स्टोइनिस, मोइन अली, अक्षदीप नाथ, पवन नेगी, टिम साउदी, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज.

Back to top button