उन्नाव से चुनाव लड़ें राहुल गांधी, अगर हारे तो करने लगे यह काम : साक्षी महाराज

बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को खुली चुनौती दी है. साक्षी महाराज का कहना है कि दोनों उन्नाव से चुनाव लड़ें और जो हारेगा उसे राजनीति छोड़नी होगी.
साक्षी महाराज ने कहा, राहुल गांधी उन्नाव से आकर चुनाव लड़ें, उन्हें खुला चैलेंज है. मैं हार गया तो राजनीति छोड़ दूंगा. वो हारे तो इटली चली जाएं. बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि राहुल गांधी इस बार कहीं से सांसद नहीं बनेंगे, उन्हें तो हारना ही है.
साक्षी महाराज ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं. यह किसी से छुपा नहीं है. नेहरू ने चोरी डकैती के अलावा कुछ नहीं किया. पूरा देश बर्बाद कर दिया. देश के बंटवारे और उसे बर्बाद करने के लिए नेहरू ही नहीं, उनका पूरा खानदान दोषी है. देश में सिखों का जो कत्लेआम हुआ, इसके लिए उनका परिवार जिम्मेवार है.’
कांग्रेस में घमासान, टिकट को लेकर दिग्गज नेताओं में टकराव
राम मंदिर के मुद्दे पर साक्षी महाराज ने कहा, ‘राम मंदिर बन गया है, भले ही छोटा हो. अब दुनिया की कोई ताकत मस्जिद के नाम पर वहां एक ईंट नहीं रख सकती. 3-4 नवंबर को तालकटोरा स्टेडियम में साधु संन्यासियों का सम्मेलन होने वाला है. 28-29 अक्टूबर से हर रोज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी होने वाली है. हमें उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट को इस पर निर्णय कर देना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट सारे मामलों में निर्णय कर देता है, तो अयोध्या मामले में फैसला क्यों नहीं करेगा. अगर शीर्ष अदालत फैसला नहीं करती है, तो सरकार जिस प्रकार अन्य मामले में अध्यादेश लाती रही है, उसे राम मंदिर निर्माण के लिए भी अध्यादेश लाना चाहिए.’





