अरबी के पत्तों से बनता है खट्टा-मीठा, कुरकुरा गुजराती ‘पात्रा’, नोट करें रेसिपी!

बरसात के मौसम में चाय के साथ हर बार वही पकौड़े और नमकपारे खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ नया चटपटा और क्रिस्पी ट्राई करें। हम बात कर रहे हैं गुजरात के पारंपरिक नाश्ते पात्रा की, जिसे फरसान भी कहा जाता है। वहीं, इसे महाराष्ट्र स्टाइल में ‘आलू वड़ी’ भी कहते हैं। गुजराती पात्रा स्वाद में सिर्फ चटपटा और कुरकुरा ही नहीं होता, बल्कि इसका हल्का खट्टा और मीठापन स्वाद डबल कर देता है।
गुजराती पात्रा रेसिपी
गुजराती पात्रा को अरबी के पत्तों और बेसन से तैयार किया जाता है, आइए जानते हैं इसकी स्पेशल रेसिपी:
पात्रा के लिए सामग्री
10-12 अरबी के पत्ते
1 छोटा चम्मच सरसों
2 छोटे चम्मच तिल
1 चुटकी हींग
2-3 बड़े चम्मच तेल
बेसन मिक्स्चर के लिए सामग्री
2-3 कप बेसन
1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
1/2 चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च
3 बड़े चम्मच इमली का पानी
3/4 कसा हुआ गुड़
1/2 चम्मच हींग
स्वादानुसार नमक
2 चम्मच बारीक कटा धनिया (गार्निश के लिए)
विधि
गुजराती पात्रा बनाने के लिए एक बड़े से चॉपिंग बोर्ड या साफ सुथरी जगह पर एक अरबी का पत्ता रख उसकी मोटी डंडी निकाल दें। इसी तरह सभी अरबी पत्तों की डंडी निकालनी है।
इन पत्तों को अच्छे से साफ कर लेना है, इसके बाद इन्हें उसी चॉपिंग बोर्ड पर रखें। ध्यान रहे कि जहां से पत्तों का रंग हल्का हो उसे ऊपर की तरफ रखना है।
पत्तों को गीले मलमल के कपड़े से साफ कर लेना है।
अब बेसन का घोल तैयार करना है, इसके लिए बेसन में थोड़ा सा पानी डालकर उसमें 1 छोटा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, 1/2 चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च, नमक, 1/2 चम्मच हींग डालें।
फिर 3 बड़े चम्मच इमली का पानी और 3/4 कसा हुआ गुड़ अच्छे से मिला लें।
इन पत्तों पर बेसन का गोल समान रूप से लगाकर एक के ऊपर एक रखते जाएं।
इस स्टेप में पत्तों को मोड़ लेंन और इसे एक छोर से दूसरे छोर तक टाइट रोल कर लें।
इस दौरान हर एक फोल्ड में थोड़ा बेसन का मिक्स्चर लगाते जाना है।
सबसे आखिर में थोड़ा बेसन मिक्स्चर लगाकर दूसरे छोर को सील कर अलग रख लेना है।
इन रोल्स को एक स्टीमर में कम से कम 20-25 मिनट तक पका लेना है। इसके बाद रोल्स को ठंडा होने के लिए रख दें।
अब पैन में तेल गर्म करके 1 छोटा चम्मच सरसों चटकाएं। इसके बाद हींग और तिल भी डालें।
पात्रा को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर दोनों तरफ से फ्राई कर लेना है।
आपका गुजराती पात्रा तैयार है, इनके ऊपर धनिये से गार्निश करके चाय के साथ सर्व करें।





