होटल के कमरे में रखी इन चीजों को भूलकर भी ना समझें फ्री!

पहली बार किसी होटल में रुकने का अनुभव जितना रोमांचक होता है, अंदर से उतनी ही घबराहट भी महसूस होती है। अक्सर उत्साह में या सही जानकारी न होने के कारण हम अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो हमारी जेब ढीली करने के साथ-साथ पूरी ट्रिप का मजा भी किरकिरा कर सकती हैं।
अगर आप भी पहली बार किसी होटल में स्टे की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपको थोड़ा स्मार्ट बनने की जरूरत है। आइए जानते हैं उन 5 आम गलतियों के बारे में, जिनसे बचकर आप अपने अनुभव को शानदार और टेंशन-फ्री बना सकते हैं।
चेक-इन के समय आईडी और बुकिंग पेपर्स न रखना
होटल में जाते ही सबसे पहला काम चेक-इन होता है। कई बार लोग जल्दीबाजी में अपना आधार कार्ड, पासपोर्ट या बुकिंग कंफर्मेशन का प्रिंटआउट/डिजिटल कॉपी ढूंढने में परेशान हो जाते हैं।
इससे चेक-इन में देरी होती है और अगर आपकी होटल बुकिंग की जानकारी मिलने में समस्या आए, तो आपको कमरा मिलने में भी दिक्कत हो सकती है। हमेशा अपनी ऑरिजनल आईडी और बुकिंग वाउचर को एक अलग फोल्डर में या फोन के फ्रंट पेज पर तैयार रखें।
हिडन चार्जेस और मिनी-बार की सुविधाओं को न समझना
होटल के कमरों में फ्रिज के अंदर रखी ठंडी ड्रिंक्स, चॉकलेट्स और स्नैक्स देखते ही खाने का मन करने लगता है। पहली बार रुकने वाले लोग अक्सर इसे कॉम्प्लिमेंट्री यानी फ्री समझकर इस्तेमाल कर लेते हैं।
ध्यान रखें कि केवल पानी की दो बोतलें और टी-मेकर ही आमतौर पर मुफ्त होते हैं। फ्रिज के सामान और एक्स्ट्रा लॉन्ड्री सर्विसेज के लिए चार्जेस लगते हैं। कुछ होटलों में रिजॉर्ट फीस भी होती है। रूम का इस्तेमाल शुरू करने से पहले वहां रखी रेट लिस्ट को जरूर पढ़ें।
चेक-आउट के समय की अनदेखी करना
हर होटल का अपना एक चेक-इन और चेक-आउट समय होता है। कई बार पहली बार आने वाले लोग अपनी मर्जी से देर तक रुकते हैं। ये सोचकर कि अभी तो दिन बाकी है। अगर आप चेक-आउट के समय में देरी करते हैं, तो होटल आपसे आधे दिन या पूरे दिन का एक्स्ट्रा किराया वसूल सकता है।
अगर आपकी ट्रेन या फ्लाइट शाम की है, तो आप रिसेप्शन पर अपना सामान लगेज रूम में जमा करा सकते हैं और शहर घूम सकते हैं, लेकिन कमरे को समय पर खाली करना ही समझदारी है।
रिव्यु और होटल की लोकेशन न जांचना
सिर्फ कम कीमत या शानदार फोटो देखकर होटल बुक करना सबसे बड़ी गलती हो सकती है। हो सकता है कि फोटो में दिख रहा कमरा असल में वैसा न हो, या होटल शहर के मेन हिस्से से इतना दूर हो कि आपका आधा समय और पैसा केवल आने-जाने में ही खर्च हो जाए।
बुकिंग से पहले दूसरे लोगों के रिव्यु पढ़ें और गूगल मैप्स पर होटल की लोकेशन जरूर देखें कि वह रेलवे स्टेशन या टूरिस्ट स्पॉट्स से कितनी दूर है।
होटल स्टाफ के साथ गलत व्यवहार और सुरक्षा की अनदेखी
होटल में रुकते समय सुरक्षा सबसे अहम है। कुछ लोग कमरे का दरवाजा ठीक से बंद नहीं करते या अपनी की-कार्ड को कहीं भी छोड़ देते हैं। साथ ही, स्टाफ के साथ बुरा व्यवहार आपकी सर्विस को प्रभावित कर सकता है।
होटल स्टाफ, जैसे- हाउसकीपिंग या बेलबॉय के साथ अच्छे से व्यवहार करें। कमरे के अंदर मौजूद सेफ का इस्तेमाल अपने कीमती सामान और पासपोर्ट के लिए करें। साथ ही, कमरे से बाहर निकलते समय हमेशा चेक करें कि दरवाजा ऑटो-लॉक हो गया है।





