सीबीआइ ने रिश्वत लेते एसआइ को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली : टैंकर छोड़ने के बदले 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर राहुल को सीबीआइ ने गिरफ्तार किया है। सीबीआइ प्रवक्ता आरके गौर ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मुंडका थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर राहुल ने उसके जब्त वाटर टैंकर को छोड़ने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। सीबीआइ ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

रिश्वत

 

इंस्पेक्टर रमन कुमार शुक्ला की टीम ने शिकायतकर्ता को बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए खुफिया कैमरा दिया और दूर से मौके का इंतजार करने लगी। दोनों के बीच हुई बातचीत से साफ हुआ कि सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये मांगे थे और फिर 17 हजार रुपये में मामला तय हुआ था। सीबीआइ ने आरोपी राहुल का फोन कॉल भी रिकॉर्ड किया और अंत में सभी तथ्य सामने आने के बाद शिकायतकर्ता को रुपये देने के लिए भेजा। जैसे ही राहुल 17 हजार रुपये लेने लगा तभी सीबीआइ की टीम ने उसे दबोच लिया।

Back to top button