सीजफायर खत्म होने से पहले स्थायी शांति की कोशिश

अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी सीजफायर की डेडलाइन 21 अप्रैल तक है। अमेरिका-ईरान के बीच शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 21 घंटे तक चली वार्ता विफल हो गई। सीजफायर की डेडलाइन खत्म होने से पहले एक बार फिर अमेरिका-ईरान आमने-सामने बैठकर बातचीत करने का विचार कर रहे हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जल्द ही आमने-सामने की वार्ता फिर से शुरू करने की इच्छा जताई है, लेकिन उसके लिए ट्रंप को यह लगे कि ईरान उनकी मांगो को मानने के लिए तैयार हो।
समाचार एजेंसी एपी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि वाशिंगटन और तेहरान 21 अप्रैल को युद्धविराम की समय सीमा समाप्त होने से पहले अपने छह सप्ताह के युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से एक समझौते पर पहुंचने के लिए नए आमने-सामने की बातचीत पर विचार कर रहे हैं।
बातचीत के लिए हुए सहमत
तीन सूत्रों ने अमेरिकी एजेंसी को बताया कि वार्ता के एक नए दौर के बारे में चर्चा अभी भी जारी है, जबकि मध्यस्थता करने वाले देशों में से एक के राजनयिक ने यहां तक कहा कि तेहरान और वाशिंगटन इस पर सहमत हो गए हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह वार्ता गुरुवार को हो सकती है।
इस्लामाबाद या जिनेवा में हो सकती है वार्ता
दोनों देशों के बीच होर्मुज स्ट्रेट और परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर गहरे मतभेद बने हुए हैं, लेकिन राजनयिक स्तर पर एक आखिरी समझौते पर पहुंचने की कोशिशें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस द्वारा वार्ता में प्रगति के संकेतों के बीच, यह चर्चा गुरुवार को इस्लामाबाद या जिनेवा में हो सकती है। हालांकि, इसको लेकर अभी कुछ स्प्ष्ट नहीं है।
बता दें कि यह खबर तब सामने आई है, जब ट्रंप ने कहा है कि हमें दूसरी तरफ से फोन आया है और वे समझौता करना चाहते हैं।
शांति वार्ता की दिशा में तेहरान को उठाना होगा अगला कदम
वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यह भी कहा कि ईरान ने इस्लामाबाद में युद्ध समाप्त करने के लिए चल रही शांति वार्ता के दौरान अमेरिका की दिशा में कदम बढ़ाया है, और वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए अगला कदम तेहरान को ही उठाना होगा।
वेंस ने फॉक्स न्यूज को बताया, “मैं सिर्फ यह नहीं कहूंगा कि चीजें गलत हुईं। मुझे लगता है कि चीजें सही भी हुईं। हमने काफी प्रगति की है।”





