साउथ इंडियन स्टाइल में घर पर ऐसे बनाएं परफेक्ट ‘सांभर’

साउथ इंडियन डिशेज की बात करें, तो सांभर का जिक्र जरूर होता है। इसे अब पूरे भारत में बड़े चाव से खाया जाता है। इडली, डोसा या गर्मागर्म चावल हो, सांभर के साथ इनका स्वाद लाजवाब लगता है। ये डिश स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती है, क्योंकि इसे दाल और सब्जियों को मिलाकर बनाया जाता है। आइए जानें टेस्टी और चटपटा सांभर बनाने की रेसिपी।

सांभर रेसिपी बनाने के लिए सामग्री:
अरहर की दाल- 1 कप
कटी हुई सब्जियां (सहजन, कद्दू, गाजर)- 2 कप
प्याज-1
टमाटर-2
इमली का पानी- 1/2 कप
गुड़- 1 छोटा टुकड़ा
तेल या घी- 2 बड़े चम्मच
राई- 1 छोटा चम्मच
मेथी दाना-1/2 छोटा चम्मच
हींग- 1/4 छोटा चम्मच
सूखी लाल मिर्च- 2-3
करी पत्ते- 10-12
सांभर मसाला- 2 से 3 बड़े चम्मच
हल्दी पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार

सांभर रेसिपी बनाने की विधि:
सबसे पहले अरहर की दाल को अच्छी तरह धो लें और 20 मिनट के लिए पानी में भिगो दें।
अब प्रेशर कुकर में दाल, हल्दी पाउडर, नमक और 3 कप पानी डालकर 3-4 सीटी आने तक पकाएं।
अब एक अलग कड़ाही में एक चम्मच तेल गर्म करें और इसमें प्याज, टमाटर और कटी हुई सब्जियां डालकर 2-3 मिनट तक भूनें।
इसके बाद इसमें एक कप पानी और स्वादानुसार नमक डालकर ढक दें, ताकि सब्जियां नरम हो जाएं।
जब सब्जियां पक जाएं, तब इसमें इमली का पानी, सांभर मसाला, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और गुड़ डालें और इसे 5 मिनट तक उबलने दें।
इसके बाद पकी हुई सब्जियों के इस मिश्रण में पहले से उबली और मैश की हुई दाल डाल दें और जरूरत के हिसाब से थोड़ा गर्म पानी मिला लें।
धीमी आंच पर सांभर को 7-8 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें।
अब एक छोटे पैन में तेल या घी गर्म करें और इसमें राई और मेथी दाना डालें। जब राई चटकने लगे, तब हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालें और तड़के को तुरंत उबलते हुए सांभर में डाल दें और कड़ाही को 2 मिनट के लिए ढक्कन से ढक दें।
सांभर बनकर तैयार है। इसे गर्मागर्म चावल या इडली के साथ सर्व करें।

Back to top button