सपा के कार्यकाल पर योगी का हमला: बोले- युवाओं को माफिया और नकल की पहचान देने वालों से हिसाब मांगना चाहिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सपा के घोषणापत्र और पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल को कठघरे में खड़ा करते हुए युवाओं से विपक्ष से उसके कामकाज का हिसाब मांगने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं कर रहे हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां दीं, किसानों के लिए क्या किया, नारी शक्ति के लिए क्या कदम उठाए और प्रदेश के विकास के लिए उनका योगदान क्या रहा?

शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित टैबलेट वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की पहचान नकल माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वसूली सिंडिकेट से थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही वसूली करने वाले सक्रिय हो जाते थे। युवाओं की प्रतिभा को सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी- ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त बनाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश का नाम सुनकर लोग आशंकित होते थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। आज प्रदेश का युवा सम्मान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। यह संख्या सपा की चार और बसपा की तीन वर्ष की सरकारों में दी गई नियुक्तियों से अधिक है। उन्होंने युवाओं से कहा कि नियुक्ति पत्र उनके परिश्रम का सम्मान है, न कि किसी की सिफारिश का परिणाम।

घोषणापत्र के वादों पर मांगा जवाब
योगी ने कहा कि विपक्ष चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन जनता को उसके पुराने कार्यकाल का हिसाब भी मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता। इसके लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन चाहिए। मुख्यमंत्री ने सपा पर परिवार तक सीमित सोच रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।

गोंडा और देवीपाटन मंडल के विकास को बनाया मुद्दा
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में 2017 से पहले के गोंडा और देवीपाटन मंडल की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले गोंडा की पहचान गंदे शहरों में होती थी। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने मंडल के विकास के लिए करीब 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के निर्माण तथा श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार होने को विकास की उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित होने से युवा अब नौकरी पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं। हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाने की योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ा जाएगा। जापान और जर्मनी में नौकरी के इच्छुक युवाओं को भाषा प्रशिक्षण देकर विदेश भेजने की योजना भी बताई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह सहित अन्य विधायक व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Back to top button