मेडिकल रिपोर्ट के बाद ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपतियों पर कसा तंज

अपनी मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद आत्ममुग्ध अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने रविवार को अपनी बेहद तेज बुद्धि की तारीफ की और कहा कि काग्निटिव टेस्ट (मानसिक क्षमता का परीक्षण) में उन्होंने पूरे नंबर हासिल किए हैं। ट्रंप ने पिछले अमेरिकी राष्ट्रपतियों पर तंज कसा कि उन्होंने कभी यह टेस्ट नहीं दिया। साथ ही उन लोगों से यह टेस्ट देने की अपील की जो राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति जैसे अहम पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले हैं।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कहा, वाल्टर रीड मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुई मेरी शारीरिक जांच की रिपोर्ट, जो अभी-अभी जारी हुई है, बेहद अच्छी रही। दूसरे अमेरिकी राष्ट्रपतियों के उलट, जिनमें से किसी ने भी कभी कोई स्वीकृत व अधिक कठिन काग्निटिव टेस्ट नहीं दिया। इसमें मैंने 30 में से पूरे 30 नंबर हासिल किए, जिसे बेहद तेज बुद्धि माना जाता है।

विपक्ष पर ट्रंप का तंज

क्या डमोक्रेट्स सच में हैरान हैं? असल में यह मेरा चौथा ऐसा टेस्ट है और सभी में मैंने पूरे नंबर हासिल किए हैं, यानी पूछे गए 120 सवालों में से सभी 120 के सही जवाब दिए हैं! ऐसा बहुत कम होता है कि कोई पूरे नंबर हासिल करे, खासकर तब जब यह उपलब्धि लगातार चार बार हासिल की गई हो।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने वाले सभी लोगों के लिए यह जरूरी कर देना चाहिए कि वे अधिक कठिन काग्निटिव टेस्ट दें। कांग्रेस और डेमोक्रेट्स को इसकी मांग करनी चाहिए! गौरतलब है कि ट्रंप जून में अपना 80वां जन्मदिन मनाने वाले हैं और फिलहाल देश के सर्वोच्च पद पर आसीन सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं।

Back to top button