बेरूत पर फिर बरसे इजरायली बम

 इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि दुश्मनों को कहीं भी कोई छूट नहीं मिलेगी। उनका यह बयान बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इजरायल के ताजा हवाई हमले के एक दिन बाद आया है।

यह पिछले महीने घोषित युद्धविराम के बाद बेरूत क्षेत्र पर पहला बड़ा इजरायली हमला था। नेतन्याहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी आतंकी इजरायल की पहुंच से बाहर नहीं है।इजरायली सेना ने दावा किया है कि इस हमले में ईरान समर्थित हिजबुल्ला के विशेष रदवान बल के एक कमांडर की मौत हुई है।

सेना ने उसकी पहचान अहमद अली बलूत के रूप में की है। हालांकि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर नियंत्रण रखने वाले हिजबुल्ला ने अब तक हमले या कमांडर की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

हिजबुल्ला ने कहा कि उसने बुधवार को दक्षिणी लेबनान में इजरायली बलों के खिलाफ 17 अभियान चलाए, जबकि इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने उसी दिन दक्षिण में 15 से अधिक आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। बुधवार को दक्षिणी लेबनान के तीन अलग-अलग इलाकों में हुए इजरायली हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई।

इजरायली हमले में हमास के शीर्ष वार्ताकार का बेटा मारा गया

गाजा के भविष्य को लेकर अमेरिका की मध्यस्थता में चल रही वार्ता के बीच इजरायली हवाई हमले में हमास के प्रमुख वार्ताकार खलील अल-हय्या के बेटे की मौत हो गई। हमास के वरिष्ठ अधिकारी बासिम नईम ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि खलील अल-हय्या के बेटे अज्जाम अल-हय्या बुधवार रात हुए हमले में घायल हुए थे और बाद में उनकी मौत हो गई।

अज्जाम अल-हय्या, खलील अल-हय्या के चौथे बेटे हैं, जो इजरायली हमलों में मारे गए हैं। खलील अल-हय्या हमास के निर्वासित गाजा प्रमुख हैं और अमेरिका समर्थित वार्ताओं में संगठन की ओर से प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।हालांकि इजरायली सेना ने इस हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

वहीं, हमास ने आरोप लगाया कि इस तरह के हमलों का उद्देश्य राजनीतिक दबाव बनाना और वार्ता में रियायतें हासिल करना है।इस बीच, हमास संचालित गृह मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी गाजा शहर में एक पुलिस चौकी पर इजरायली हवाई हमले में तीन पुलिसकर्मी मारे गए।

Back to top button