बिना किताबों के परिषदीय विद्यालयों में परीक्षाएं शुरू

परिषदीय विद्यालयों में कई विषय की अभी नहीं बंट सकी हैं किताबें

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। राजधानी के परिषदीय विद्यालयों में अभी कई छात्र-छात्राओं को किताबें नहीं मिल पाई हैं। इसके बावजूद परीक्षाएं समय से कराई जा रही हंै। छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई की या नहीं इससे किसी को कोई लेना-देना नहीं है। आज से परीक्षा शुरु होने से कई छात्र-छात्राएं परेशान हैं। विद्यालयों में अब तक गणित, विज्ञान, सामाजिक विषय और संस्कृत जैसे विषयों की किताबें बच्चों तक नहीं पहुंची हैं। ऐसे में कक्षा आठ तक के इन बच्चों को इन विषयों की सत्र परीक्षाएं बिना पढ़े ही देनी पड़ेगी।
बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन शहर में करीब 2031 विद्यालय संचालित हैं। इनमें प्राथमिक, जूनियर से लेकर सहायता प्राप्त एवं मदरसा आदि शामिल है। इन विद्यालयों में पढऩे वाले 2,09,886 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। आज से कक्षा एक से आठ तक के इन छात्र-छात्राओं की प्रथम सत्र परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, लेकिन ज्यादातर छात्र-छात्राएं परेशान हैं। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के मुताबिक कक्षा दो से कक्षा पांच तक में गणित, सामाजिक विषय, संस्कृत विषय की किताबें नहीं मिल सकी हैं। इसके अलावा कक्षा छह में इतिहास, भूगोल, संस्कृत, महान व्यक्तित्व की भी किताबें न मिलने की बात सामने आई है। बिना किताबों के यह छात्र कैसे परीक्षा देंगे यह उन्हें सूझ नहीं रहा है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत परिषद के साथ-साथ राजकीय, सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी कक्षा आठ तक के बच्चों को निशुल्क किताबें उपलब्ध कराई जाती हैं। वर्तमान में राजधानी में ऐसे विद्यालयों की संख्या 150 से ज्यादा है। लेकिन अब तक 50 फीसदी विद्यालयों को ही किताबें मिल सकी हैं।

दो पाली में परीक्षाएं शुरू
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की प्रथम सत्र परीक्षाएं आज सुबह से शुरू हो गई। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली में प्राथमिक स्तर पर सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक भाषा, द्वितीय पाली में 11 से एक बजे तक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर पहली पाली में सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक भाषा एवं द्वितीय पाली सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

Back to top button