बच्चों के साथ ट्रिप को बनाना है स्ट्रेस-फ्री? तो सफर पर निकलने से पहले जान लें 5 जरूरी बातें

बच्चों के साथ ट्रैवल करना किसी शानदार एडवेंचर से कम नहीं है, लेकिन यह तभी मजेदार लगता है जब आपकी तैयारी एकदम पक्की हो। बिना सही प्लानिंग के, एक रिलैक्सिंग ट्रिप कब स्ट्रेसफुल बन जाए, पता ही नहीं चलता और इसका असर बच्चों के मूड पर भी पड़ता है।
आपकी अगली फैमिली ट्रिप बिना किसी परेशानी के सिर्फ खुशियों से भरी रहे, इसके लिए सफर पर निकलने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं वो स्मार्ट टिप्स, जो बच्चों के साथ आपके सफर को सुपर कूल और यादगार बना देंगे!
पैकिंग में रखें सावधानी
बच्चों के साथ ट्रैवल करते समय स्मार्ट पैकिंग जरूरी है। जरूरत से ज्यादा सामान न भरें, लेकिन जरूरी चीजें न भूलें।
फर्स्ट-एड किट- बुखार, जुकाम, पेट दर्द और बैंड-एड जैसी जरूरी दवाएं हमेशा साथ रखें।
एक्स्ट्रा कपड़े- बच्चों के कपड़े जल्दी गंदे होते हैं, इसलिए बैकअप सेट हाथ में रखें।
मौसम का ध्यान- जिस जगह जा रहे हैं, वहां के तापमान के अनुसार ही कपड़े चुनें।
स्नैक्स का बैग
भूखा बच्चा अक्सर चिड़चिड़ा हो जाता है। घर से बने पौष्टिक स्नैक्स जैसे मखाना, फल, बिस्कुट या नट्स साथ रखें। बाहरी खान-पान से इन्फेक्शन का खतरा रहता है, खासकर गर्मी के मौसम में। इसलिए छोटे बच्चों के लिए पैकेज्ड फूड या घर का बना खाना ही सबसे बेहतर है। पानी की अपनी बोतल साथ रखना न भूलें।
मनोरंजन के इंतजाम
लंबा सफर बच्चों के लिए उबाऊ हो सकता है। उनके पसंदीदा खिलौने, कलरिंग बुक्स या कहानियों की किताबें साथ ले जाएं। अगर आप उन्हें टैबलेट या फोन दे रहे हैं, तो उसमें उनकी पसंद के कार्टून या गेम्स पहले से डाउनलोड कर लें, क्योंकि हर जगह इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता।
ट्रिप का समय
कोशिश करें कि यात्रा का समय बच्चे के सोने के समय से मेल खाए। अगर आप रात में या दोपहर की नींद के समय सफर शुरू करते हैं, तो बच्चा सफर का एक बड़ा हिस्सा सोते हुए बिता देगा, जिससे आपको और उसे, दोनों को आराम मिलेगा। साथ ही, बहुत टाइट शेड्यूल न बनाएं; बच्चों के साथ ट्रैवल करते समय बीच-बीच में ब्रेक लेना जरूरी है।
सुरक्षा और हाइजीन
भीड़भाड़ वाली जगहों पर बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखना सबसे जरूरी है। उनके कपड़ों या बैग पर अपना कॉन्टैक्ट नंबर और नाम जरूर लिखें। सैनिटाइजर, वेट वाइप्स और डायपर बैग हमेशा अपने साथ रखें। पब्लिक टॉयलेट का इस्तेमाल करते समय हाइजीन का खास ध्यान रखें।
डॉक्यूमेंट्स और पहचान पत्र
हवाई यात्रा या होटल चेक-इन के लिए बच्चों के पहचान पत्र की ओरिजिनल कॉपी और फोटोकॉपी साथ रखें।





