फेसबुक पर बनाई पत्नी की अश्लील प्रोफाइल, पटवारी पति ही निकला आरोपी

भोपाल. पत्नी को बदनाम करने के लिए फेसबुक पर उसकी फर्जी और अश्लील प्रोफाइल बनाने वाले पटवारी पति को सायबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पत्नी का मोबाइल नंबर भी प्रोफाइल पर पोस्ट किया था। कॉल आने पर पत्नी ने परेशान होकर सायबर सेल को शिकायत की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी को परेशान करने के लिए उसने ऐसा किया था।

एसपी सायबर सेल शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, एक महिला ने शिकायत की थी कि किसी ने फेसबुक पर उनके नाम की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो और मोबाइल नंबर पोस्ट किया है। अब लोग उन्हें फोन करके परेशान कर रहे हैं।
ये भी पढ़े: सायलेंस जोन में जननी एक्सप्रेस के ड्राइवर ने हॉर्न बजाया, मंत्री ने तीन घंटे पुलिस चौकी में बैठाया
पुलिस ने जांच के दौरान बैतूल निवासी राजकुमार मालवीय को हिरासत में लिया। बाद में पता चला कि वह शिकायतकर्ता का पति है, जो पिछले आठ सालों से पत्नी से अलग रह रहा है। उसने ही पत्नी को परेशान करने के लिए फर्जी आईडी बनाई थी। वह आईडी को अपडेट करता था और आवाज बदलकर बात भी करता था।
आरोपी को अपने पिता के स्थान पर पटवारी की नौकरी मिली थी, लेकिन वह पिछले एक साल से नौकरी से भी गायब है। शिकायत करने वाली महिला शादी के एक साल बाद ही पति की प्रताड़ना से तंग आकर मायके चली गई थी। पत्नी ने कोर्ट में भरण-पोषण का केस लगा रखा है।





