नेचर लवर्स के लिए जन्नत है झारखंड! अगर शांत और खूबसूरत छुट्टियां बितानी हैं, तो एक्सप्लोर करें ये हिल स्टेशन

झारखंड के टूरिज्म का उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश या राजस्थान जितना बोलबाला नहीं है लेकिन यहां भी घूमने लायक बहुत सी जगहें हैं जो ट्रिप को यादगार बना सकती हैं। झारखंड के घने-जंगल और पहाड़, खूबसूरत झरने नेचर लवर्स को अपनी ओर अट्रैक्ट करते हैं। ऐसे में अगर आप भीड़भाड़ वाली जगहों से कहीं दूर अपनी छुट्टियां बिताने की सोच रहे हैं तो चलिए आपको झारखंड के हिल स्टेशनों के बारे में बताते हैं।
नेचर लवर्स के लिए बेस्ट हैं झारखंड के ये हिल स्टेशन
अक्सर लोग प्रकृति के नजारों के लिए या तो उत्तर भारत का रुख करते हैं या फिर दक्षिण, लेकिन पूर्व में बसा झारखंड भी प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं, आइए इनपर एक नजर डालें:
नेतरहाट
झारखंड की राजधानी रांची से करीब 150 किलोमीटर की दूरी पर लातेहार जिले में स्थित नेतरहाट बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है जिसका दूसरा नाम छोटा नागपुर की रानी भी है। यह हिल स्टेशन समुद्र तल से करीब 3,622 फीट की ऊंचाई पर बसा है, जो सनसेट और सनराइज के नजारों के लिए खूब मशहूर है। इसके अलावा, कोयल व्यू पॉइंट, मैग्नोलिया पॉइंट और घाघरी जलप्रपात यहां के मुख्य आकर्षणों में शामिल है।
गिरिडीह हिल
यह हिल स्टेशन झारखंड के गिरिडीह जिले में ही स्थित है, इसे पारसनाथ की पहाड़ी के नाम से भी जाना जाता है। इसके नाम से ही पता चल गया होगा कि यह स्थान जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पारसनाथ की वजह से लोकप्रिय है। इस पहाड़ी की सबसे ऊंची चोटी सम्मेद शिखरजी है। वहीं, घूमने लायक जगहों की बात करें तो इसमें सम्मेद शिखरजी के साथ ही उसरी जलप्रपात, खंडोली पहाड़ी, बांध और मधुबन शामिल हैं।
दलमा हिल
दलमा हिल की खासियत यह हैं कि यह पहाड़ी बंगाल और झारखंड के बॉर्डर पर स्थित है, जिसका करीब 50% हिस्सा हरे-भरे जंगलों से घिरा हुआ है। दलमा वन्यजीव अभयारण्य, दलमा हिल टॉप और डिमना लेक यहां देखने लायक जगहें हैं।
घाटशिला हिल
झारखंड में पूर्वी सिंहभूम नामक जिले में स्थित घाटशिला हिल सुवर्णरेखा नदी के तट पर बसा एक सुंदर और शांत हिल स्टेशन है। यहां की शांति पर्यटकों को बेहद आकर्षित करती है। अगर आप नेचर का लुत्फ उठाने के लिए घाटशिला हिल जाने का मन बना रहे हैं तो बुरुडीह झील, फुलडुंगरी हिल्स, धारागिरी जलप्रपात और गौरी कुंज का रुख जरूर करें।





