शेयर बाजार का सेंसेक्स 199 अंक उछलकर कटौती में चार महीने के उच्च स्तर पर


बजट से जगी उम्मीद सोमवार को लगातार चौथे दिन भी बाजार में कायम रही और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 199 अंक उछलकर चार महीने के उच्च स्तर 28,439 अंक पर पहुंच गया. रिजर्व बैंक की बुधवार को होने वाली मौद्रिक समीक्षा में नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद से बाजार में कारोबारी धारणा मजबूत रही. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 8,800 अंक के महत्वपूर्ण स्तर से उपर निकल गया. दिसंबर में अंतिम मौद्रिक नीति समीक्षा में रिजर्व बैंक ने अचंभित करने वाला कदम उठाते हुए नीतिगत दर में कोई बदलाव नहीं किया. लेकिन इस बार मुद्रास्फीति की नीची दर और बजट में दिखे राजकोषीय अनुशासन से उम्मीद बंधी है कि रिजर्व बैंक नरम रुख अपनाएगा. वैश्विक स्तर पर गतिविधियों का भी बाजार पर प्रभाव पड़ा. एशिया के अन्य बाजारों में तेजी रही.
अमेरिका में रोजगार के बेहतर आंकड़े से अमेरिकी बाजार में सप्ताहांत में तेजी के बाद अन्य बाजारों पर असर पड़ा. इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वित्त नियमन में कमी लाने की खबर से लिवाली गतिविधियों में तेजी रही. तीस शेयरों वाला सूचकांक 198.76 अंक या 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 28,439.28 अंक पर बंद हुआ. यह पिछले साल 23 सितंबर के बाद का उच्च स्तर है. उस समय यह 28,668.22 पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान यह 28,487.28 तक चला गया था.
बड़ी खबर: प्रीपेड मोबाइल नंबर का वेरिफिकेशन, सही नहीं होने पर बंद होगी सर्विस





