देश के 104 हवाईअड्डे अब पूरी तरह ग्रीन ऊर्जा से संचालित

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने सोमवार को कहा कि देश के 104 हवाईअड्डे 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा पर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने इसे स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि बताया है।
इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किए एक संदेश में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में कोई भी भारतीय हवाईअड्डा पूरी तरह नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित नहीं था, जबकि अब यह संख्या 104 तक पहुंच गई है।
नेट जीरो उत्सर्जन की ओर भारत
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।इन हवाईअड्डों की बिजली जरूरतें अब सौर ऊर्जा संयंत्रों और दीर्घकालिक जलविद्युत खरीद समझौतों जैसे नवीकरणीय स्रोतों से पूरी की जा रही हैं।
दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 2022 में अपनी पूरी बिजली जरूरत नवीकरणीय ऊर्जा से पूरी करने वाला देश का पहला हवाईअड्डा बना था, जबकि कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 2015 में दुनिया का पहला पूर्ण सौर ऊर्जा संचालित हवाईअड्डा बना था।
केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश के सभी हवाईअड्डों को नेट-जीरो उत्सर्जन के अनुरूप विकसित करना है।
हैदराबाद बना चौथा सबसे खुशहाल हवाई अड्डा
प्रेट्र के अनुसार जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआइएएल) ने सोमवार को बताया कि हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को ब्रिटेन की ट्रैवल कंपनी अट्रैक्शनटिकट्स डाट काम ने दुनिया का चौथा सबसे खुशहाल (फैमली फ्रेंडली) हवाईअड्डा घोषित किया है।
140 से अधिक हवाईअड्डों के मूल्यांकन में इसे 20 में से 18.5 अंक मिले। रैंकिंग बच्चों के खेलने की जगह, बेबी केयर सुविधाएं, फैमिली सिक्योरिटी लेन, स्ट्रोलर सेवा, विश्राम क्षेत्र, वाई-फाई और विशेष जरूरतों वाले यात्रियों के लिए सुविधाओं जैसे मानकों पर आधारित थी।





