दिवाली पर भव्य सजा बाबा केदार का दरबार, 20 कुंतर फूलों से सजा धाम

दीपावली के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम को करीब 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। बाबा केदार के दरबार और मंदिर परिसर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने बताया कि दीपावली के अवसर पर धाम के क्षेत्रपाल और रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
इस दौरान स्थानीय हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के सदस्य और पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। भैरवनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही बाबा केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। आगामी 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. पोस्ती ने श्रद्धालुओं से धाम पहुंचकर दीप प्रज्वलित करने और दीपोत्सव को श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की। साथ ही मंदिर की मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था से दूर रहने का आग्रह किया।




