घर पर बनेगा रूई जैसा मुलायम खमन ढोकला, बस नोट कर लें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी

गुजराती खमन ढोकला का खट्टा-मीठा स्वाद और रूई जैसा मुलायम टेक्सचर, इसे बच्चों और बड़ों सबका पसंदीदा बनाता है।
कई बार घर पर ढोकला बनाते समय शिकायत रहती है कि वह या तो कड़क हो गया या फिर ठीक से फूला नहीं, लेकिन अब आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। जी हां, आज हम आपके लिए लाए हैं एक ऐसी आसान रेसिपी, जिससे आपका ढोकला पहली बार में ही एकदम परफेक्ट, स्पंजी और रसभरा बनेगा।
खमन ढोकला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
घोल के लिए:
1 कप बेसन (अच्छी तरह छना हुआ)
1 बड़ा चम्मच सूजी – इससे ढोकले का टेक्सचर बहुत अच्छा आता है
1 छोटा चम्मच चीनी
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर (रंग के लिए)
नमक स्वादानुसार
1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
1 छोटा चम्मच इनो
1 बड़ा चम्मच तेल
पानी (घोल बनाने के लिए)
खट्टे-मीठे तड़के के लिए:
2 बड़े चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई (सरसों के दाने)
3-4 हरी मिर्च (बीच से लंबाई में कटी हुई)
10-12 कढ़ी पत्ते
1 से 2 बड़े चम्मच चीनी (अपने स्वाद के अनुसार)
आधा नींबू का रस
1 कप पानी
बारीक कटा हुआ हरा धनिया (गार्निश के लिए)
खमन ढोकला बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में छना हुआ बेसन, सूजी, हल्दी, नमक और चीनी मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रहे कि घोल में कोई गाठें न रहें। अब इसमें नींबू का रस और एक चम्मच तेल डालकर अच्छे से मिला लें।
इस तैयार बैटर को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी और बेसन पानी सोख लें और अच्छी तरह से फूल जाएं।
जब तक घोल सेट हो रहा है, तब तक एक बड़े बर्तन या स्टीमर में 2-3 कप पानी डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें। जिस बर्तन में आपको ढोकला बनाना है, उसमें थोड़ा-सा तेल लगाकर उसे अच्छी तरह चिकना कर लें ताकि ढोकला चिपके नहीं।
15 मिनट बाद, बेसन के घोल में इनो डालें और उसके ऊपर एक चम्मच पानी छिड़कें ताकि वह एक्टिव हो जाए। अब इसे एक ही दिशा में हल्के हाथों से मिलाएं। आप देखेंगे कि घोल एकदम से फूल गया है और हल्का हो गया है।
इनो डालने के बाद घोल को बहुत ज्यादा न फेंटें और इसे तुरंत स्टीम होने के लिए रख दें।
फूले हुए घोल को तुरंत तेल लगी हुई थाली या टिन में डालें और उबलते हुए स्टीमर में सावधानी से रख दें। इसे ढककर तेज आंच पर 15-20 मिनट तक पकने दें। चेक करने के लिए ढोकले के बीच में एक चाकू या टूथपिक डालकर देखें, अगर वह साफ निकले, तो मतलब ढोकला अंदर तक पक चुका है। इसे बाहर निकालें और पूरी तरह ठंडा होने दें।
अब एक छोटे पैन में तेल गरम करें। उसमें राई डालें। जब राई चटकने लगे, तो कढ़ी पत्ता और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक हल्का भून लें। अब इसमें एक कप पानी, चीनी और नींबू का रस डालकर एक अच्छा उबाल आने दें। चीनी घुलने के बाद गैस बंद कर दें।
ठंडे हो चुके ढोकले को चाकू की मदद से चौकोर टुकड़ों में काट लें। अब इस तैयार खट्टे-मीठे गरम तड़के को चम्मच की मदद से पूरे ढोकले पर अच्छी तरह फैलाएं ताकि ढोकला सारा पानी सोख ले और एकदम रसीला बन जाए।





