इन दो भारतीय क्रिकेटरो का 2016 वर्ष में रहा अंतरराष्ट्रीय में दबदबा

मल्टीमीडिया डेस्क। टीम इंडिया तथा उसके खिलाडि़यों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वर्ष 2016 बहुत सफलताओं वाला रहा। जहां टीम ने सफलता के झंडे गाड़े, वहीं दो दिग्गजों ने दुनियाभर में भारत का परचम लहराया। वर्ष में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वन-डे और टी20) में बल्लेबाजी में विराट कोहली तो गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन का दबदबा रहा।

टीम इंडिया टेस्ट क्रिकेट में जबर्दस्त सफलताएं हासिल कर दुनिया की नंबर वन टीम बन गई। टीम ने विराट कोहली के नेतृत्व में वेस्टइंडीज के बाद अपने घर में लगातार कई सीरीज अपने नाम की। विराट और अश्विन के प्रेरणादायी प्रदर्शन से कई युवा भारतीय खिलाड़ी भी रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने में कामयाब रहे।

बल्लेबाजों में शीर्ष पर कोहली

दुनियाभर के शीर्ष बल्लेबाजों की बात की जाए तो पिछले वर्ष सभी प्रारूपों में अंतरराष्ट्रीय रन बनाने के मामले में भारत के विराट शीर्ष पर रहे। विराट ने कम मैच खेलने के बावजूद इंग्लैंड के जो रूट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा। विराट ने 37 मैचों में 86.5 की औसत से 2595 रन बनाए। इनमें 7 शतक और 13 अर्द्धशतक शामिल है। रूट 41 मैचों में 73.26 की औसत से 2570 रन बनाकर दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 5 शतक और 18 अर्द्धशतक जमाए। स्मिथ 45 मैचों में 73.53 की औसत से 2406 रन बनाकर तीसरे और वॉर्नर 44 मैचों में 101.49 की औसत से 2374 रन बनाकर चौथे क्रम पर रहे।

न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन (38 मैचों में 1835 रन) और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (32 मैचों में 1781 रन) क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर रहे।

अश्विन के जाल में उलझे दुनियाभर के बल्लेबाज

गेंदबाजों में रविचंद्रन अश्विन का जलजला रहा। उन्होंने 31 मैचों में 22.89 की औसत से कुल 97 विकेट हासिल किए। उन्होंने पारी में 8 बार पांच या ज्यादा विकेट तथा 3 बार मैच में 10 या ज्यादा विकेट अपने नाम किए। सफल गेंदबाजों की सूची में हैरतअंगेज ढंग से द. अफ्रीका के कगिसो रबाडा ने दूसरा स्थान हासिल किया। रबाडा ने 32 मैचों में 24.69 की औसत से 81 शिकार किए।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क तीसरे और जोस हेजलवुड चौथे स्थान पर रहे। स्टार्क ने 23 मैचों में 21.23 की औसत से 80‍ विकेट झटके तो हेजलवुड 30 मैचों में 69 बल्लेबाजों को पैवेलियन लौटाने में कामयाब रहे।

 

Back to top button