आजादी के 250 साल पूरे होने पर आएगा ट्रंप की तस्वीर वाला सिक्का

अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने देश की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाले एक डॉलर के स्वर्ण स्मारक सिक्के ढालने की घोषणा की है।

वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने बताया कि अमेरिकी टकसाल (यूएस मिंट) जल्द ही इन सिक्कों का निर्माण शुरू करेगा। बेसेंट ने इंटरनेट मीडिया पर कहा कि यह सिक्का “स्वतंत्रता की स्थायी विरासत और देशभक्ति का प्रतीक” होगा।

ट्रंप प्रशासन इससे पहले नई मुद्रा पर ट्रंप के हस्ताक्षर जोड़ने और उनके चित्र वाले 250 डॉलर के नोट का प्रस्ताव भी सामने ला चुका है। हालांकि इस फैसले को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है।

आलोचकों का कहना है कि वर्ष 1866 से चली आ रही परंपरा के अनुसार अमेरिका की मुद्रा पर केवल दिवंगत व्यक्तियों की तस्वीर ही लगाई जाती है, ताकि राजशाही जैसी छवि न बने।

वित्त मंत्रालय ने सफाई देते हुए कहा कि वर्ष 2020 के कानून के तहत विशेष स्मारक सिक्के जारी करने का अधिकार प्राप्त है।

डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने भी इस कदम की आलोचना की है। हालांकि सरकार का कहना है कि यह सिक्का अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ को समर्पित विशेष स्मारक शृंखला का हिस्सा है।

Back to top button