मैनपुरी सीट से जनता लड़ेगी ‘नेता जी’ का चुनाव: रामगोपाल

इटावा: समाजवादी पार्टी(सपा) के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने दावा किया है कि मैनपुरी संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव(नेता जी) यहां सिर्फ नामांकन करने आयेंगे और यहां की जनता उनका चुनाव लड़ेगी।
यादव ने होली के मौके पर यहां कहा कि उनकी जानकारी में आया है जहॉ जहॉ पर सपा समर्थको की तादात ज्यादा है वहॉ पर पैरा मिलेट्री फोर्स की तैनाती की जा रही है। इससे सजग रहने की बहुत जरूरत है। देश में ‘नेता जी’ सबसे अधिक वोटों से जीत हो पार्टी की यही चाहत है। उन्होेंने कहा कि नेता जी मैनपुरी में सिर्फ नामांकन करने आएंगे । मैनपुरी की जनता ‘नेता जी’ का चुनाव लडेंगी। कोई भी नेता जी से गाड़ी नही मांगेगा।
मैनपुरी संसदीय सीट पर सपा का एक लम्बे समय से कब्जा है। 1996 से अब तक आठ बार हुए चुनाव में समाजवादी पार्टी लगातार यह सीट जीतती आ रही है। 2014 लोकसभा चुनाव में जब मोदी लहर चली थी उस समय भी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी खेमे के लिए बड़ी जीत दर्ज की थी। यादव तीन लाख 64 हजार 666 मतों से जीते थे। 1952 से लेकर अब तक मैनपुरी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) जीत नही दर्ज करा पायी। यादव को 2014 के चुनाव में 5,95,918 वोट मिले थे। वहीं भाजपा के शत्रुघ्न सिंह को 2,31,252 वोट मिले।

Back to top button