हरियाणा में 15-19 जुलाई तक मानसून ब्रेक: 20 से 23 जुलाई के बीच अच्छी बारिश के आसार

सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार दोपहर बाद हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को भी इन क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि 15 से 19 जुलाई तक मानसून ब्रेक रहेगा, जबकि 20 से 23 जुलाई के बीच फिर से मध्यम से तेज बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि प्रदेश में मौसम फिलहाल परिवर्तनशील बना हुआ है। सोमवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही रही, लेकिन दिनभर उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। दोपहर बाद सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में तेज हवाएं चलीं तथा कई स्थानों पर आंधी और बारिश हुई।

उन्होंने बताया कि जुलाई की शुरुआत में मानसून ने हरियाणा में प्रभावी दस्तक दी थी। इसके बाद प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बीच-बीच में मानसून सक्रिय रहा, जबकि पश्चिमी जिलों में 2 जुलाई के बाद से मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं। ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ ही इन क्षेत्रों में राहत पहुंचा रहे हैं। 10 जुलाई को भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी जिलों में आंधी और हल्की बारिश हुई थी।

अगले दो दिन आंधी और बूंदाबांदी की संभावना
डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार मौजूदा मौसम प्रणाली का असर अगले दो दिनों तक हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ तथा छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। वहीं दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने से उमस भरी गर्मी का असर भी बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि इसके बाद मानसून ट्रफ तराई क्षेत्रों की ओर खिसक जाएगी।

हरियाणा के उत्तरी जिलों में मानसूनी गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों और दिल्ली एनसीआर में बादलों की आवाजाही, कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। 19 जुलाई के बाद मौसम में फिर बदलाव आने और मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

Back to top button