स्मार्ट सिटी के नाम पर व्यापारी लामबंद होकर सड़कों पर उतर आए, किया कार्रवाई का विरोध

शनिवार को सीतलामाता बाजार में व्यापारियों ने रोड चौड़ीकरण का विरोध कर दुकानें बन्द कर दीं और सड़कों पर उतर आए। दरअसल यहां इंदौर नगर निगम केंद्र सरकार के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत जयरामपुर कॉलोनी चौराहे से लेकर गौराकुंड चौराहे तक सड़क निर्माण की योजना पर काम कर रहा है। इस योजना के तहत 60 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाना है। इस सड़क को बनाने के लिए नगर निगम के द्वारा मकानों को छोड़ने के निशान लगा दिए गए हैं। इसकी जद में कई व्यापारियों की दुकानें आ रही है। इसी नोटिस के विरोध में आज व्यापारी लामबंद होकर सड़कों पर उतर आए और कार्रवाई के खिलाफ आवाज बुलंद की।
शुक्रवार को भी व्यापारियों ने सड़क पर निकल कर चक्का जाम किया था। उसके बाद व्यापारी महापौर से मिलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें वक्त नहीं मिल सका। इधर आज दोपहर में व्यापारियों ने अचानक ही अपनी दुकानें बंद कर दी और वे सड़क पर आ गए। व्यापारियों ने यह कदम उस समय उठाया जब प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह और आला अफसर शहर में ही मौजूद हैं।





