स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन-2019 का सिंगल्स खिताब पर किया कब्जा

स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन-2019 का सिंगल्स खिताब जीत लिया है. लाल बजरी पर उन्होंने लगातार तीसरे साल विजेता बनकर जीत की हैट्रिक लगाई है. इसके साथ ही उन्होंने अपने रिकॉर्ड को और पुख्ता कर लिया है. ‘क्ले कोर्ट के बादशाह’ ने रविवार को रिकॉर्ड 12वीं बार फ्रेंच ओपन टाइटल अपने नाम किया. वर्ल्ड नंबर-2 नडाल किसी ग्रैंड स्लैम पर 10 या इससे ज्यादा बार कब्जा जमाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं.
33 साल के नडाल ने 18वां ग्रैंड स्लैम सिंगल्स टाइटल अपने नाम किया. नडाल अब भी महान प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर से 2 मेजर खिताब पीछे चल रहे हैं, हालांकि यह स्विस स्टार उनसे चार साल बड़ा है.
नडाल ने वर्ल्ड नंबर-4 ऑस्ट्रिया के 25 साल के डोमिनिक थीम को 3 घंटे 01 मिनट तक चले मुकाबले में 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से मात दी. दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचे थीम का खिताब जीतने का सपना अधूरा रहा गया. नडाल ने पिछले साल थीम को ही फाइनल में हराया थी. थीम ने इस बार सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच को मात देकर लगातार दूसरे साल फाइनल में जगह बनाई थी. नडाल अपने प्रबल प्रतिद्वंद्वी रोजर फेडरर को 6-3, 6-4, 6-2 से हराकर फाइनल में पहुंचे थे.





