स्नेहलता चौटाला परिवार को फिर एक करने का अधूरे सपने संग हो गईं विदा…

पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की पत्नी स्नेहलता चौटाला परिवार को फिर एक करने का अधूरा सपना लिए अलविदा हाे गई। उनका अंतिम संस्कार थोड़ी देर में तेजाखेड़ा में हाेगा। उनकी अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। 81 साल की स्नेहलता दोनों बेटों अजय सिंह चौटाला और अभय सिंह चौटाला के परिवारों में अलगाव से बेहद दुखी थीं। उन्होंने रविवार रात 8:25 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली थी।
पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए पैरोल पर पहुंचे ओमप्रकाश चौटाला, पुत्र अजय चौटाला हेलीकाप्टर से आएंगे
तिहाड़ जेल में बंद ओमप्रकाश चौटाला पैरोल पर पहुंचे। स्नेहलता चौटाला के बड़े पुत्र अजय चौटाला को भी तिहाड़ जेल से पैरोल मिला है और वह हेलीकॉप्टर से यहां थोड़ी देर में पहुंचेंगे। इसके बाद स्नेहलता का अंतिम संस्कार किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला पिता अजय चौटाला को लेकर पहुंचेंगे।

पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल सहित विभिन्न दलों के नेता तेजाखेड़ा पहुंचे
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी तेजाखेड़ा पहुंचे हैं। तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, इनेलो नेता रामपाल माजरा व अशोक अरोड़ा और हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा भी तेजा खेड़ा पहुंचे। नेताओं ने चौटाला परिवार को ढ़ांढस बधाया और स्नेहलता चौटाला के निधन पर शोक जताया। काफी संख्या में इनेलो सहित विभिन्न दलों के नेता तेजाखेड़ा पहुंचे और स्नेहलता चौटाला के निधन पर शोक जताया। परिजनों का बुरा हाल दिखा और पोते दिग्विजय चौटाला (अजय चौटाला के पुत्र) और अर्जुन चौटाला (अभय चौटाला के पुत्र) सहित अन्य परिजन काफी मर्माहत दिखे।

दादी के निधन पर तेजाखेड़ा में मर्माहत पोते दिग्विजय चौटाला और अर्जुन चौटाला।
बता दें कि स्नेहलता को उन्हें पेट में संक्रमण और सांस लेने में परेशानी के बाद शनिवार रात को अस्पताल में दाखिल कराया गया था। स्नेहलता को उनके पौत्र करण चौटाला (अभय चौटाला के पुत्र) अस्पताल लेकर आए थे। रविवार सुबह उनकी हालत अधिक खराब हुई तो उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
पेट में संक्रमण और सांस लेने में परेशानी के बाद शनिवार रात को लाया गया था अस्पताल
शाम करीब साढ़े चार बजे उनके छोटे पुत्र इनेलो नेता अभय चौटाला अस्पताल पहुंचे। कुछ देर बाद भी स्नेहलता के बड़े बेटे अजय चौटाला के पुत्र दिग्विजय चौटाला (जननायक जनता पार्टी के नेता) अस्पताल पहुंचे। सभी ने डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधित भी ली। उनका इलाज वरिष्ठ फिजिशियन डॉक्टर सुशीला कटारिया की देख-रेख में चल रहा था। इससे पहले भी सांस लेने की परेशानी के कारण स्नेहलता को कई बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया जाता रहा है, लेकिन दो से चार दिन में वह ठीक होकर घर चली जाती थीं।

पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए तेजाखेड़ा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला।
बता दें कि पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला था उनके बड़े बेटे अभय चौटाला जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। अभय व उनके भतीजे दुष्यंत चौटाला के बीच पार्टी को लेकर लड़ाई शुरू हुई थी तो उस समय भी स्नेहलता चौटाला मेदांता में दाखिल थी। अस्पताल से ही उनका एक विडियो वायरल हुआ था जिसमें वह दुष्यंत व दिग्विजय पर कई आरोप लगाते नजर आईं थीं।
तेजाखेड़ा में दोपहर तीन बजे होगा अंतिम संस्कार
स्नेहलता चौटाला के पार्थिव शरीर को सोमवार सुबह तेजाखेड़ा फार्म हाउस पर दर्शनों के लिए रखा जाएगा। दोपहर बाद तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला की पेरोल के लिए भी परिवार प्रयास कर रहा है। इस संबंध में जेल प्रशासन को सूचना भेज दी गई है।
चाहती थीं फिर एक हो जाए परिवार
स्नेहलता चौटाला परिवार में आए राजनीतिक बिखराव से वह दुखी रहती थीं। चौ. देवीलाल के परिवार में राजनीतिक मतभेद हुए तब भी उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। लेकिन, अपने दोनों बेटों अजय सिंह चौटाला और अभय सिंह चौटाला के अलगाव के बाद उनके चेहरे पर चिंता दिखीं। वह इस बिखराव को अच्छा न मानकर परिवार के एकजुट होने पर जोर देती रहीं। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनका एक वीडियो जरूर आया जिसमें उन्होंने अपनी मन की पीड़ा को जुबान पर सुना दिया।
सुचित्रा की मां कहकर पुकारते रहे ओमप्रकाश चौटाला
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला पत्नी स्नेहलता उर्फ केसर को नाम से नहीं पुकारते थे। वह उनको सुचित्रा या अजय की मां कहकर संबोधित करते थे। सुचित्रा उनकी सबसे बड़ी बेटी का नाम है जो मुंढाल में विवाहित है और इन दिनों दिल्ली में रहती हैं। ओमप्रकाश चौटाला को उनके हाथ का सूजी का हलवा बेहद पसंद रहा।





